हेमंत वर्मा संवाददाता राजनांदगांव : माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, श्री विजय कुमार होता जी के मार्गदर्शन में तथा तालुका विधिक सेवा समिति/न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, छुईखदान, श्रीमती श्वेता पटेल के द्वारा दिनांक 26.10.2026 को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, छुईखदान में “सुरक्षित बचपन अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
श्रीमती श्वेता पटेल ने बच्चों को पोक्सो अधिनियम, 2012 (POCSO Act, 2012) के प्रावधानों के संबंध में जागरूक करना, गुड टच एवं बैड टच के बारे में जानकारी प्रदान करना तथा बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के उपायों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को पोक्सो अधिनियम, 2012 के अंतर्गत बाल यौन शोषण से बचाव, अधिकार एवं कानूनी उपचारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों को गुड टच व बैड टच की पहचान, स्वयं की सुरक्षा, तथा ऐसे कृत्य होने पर बिना संकोच शिकायत करने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में चाइल्डलाइन हेल्पलाइन 1098 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी बालक/बालिका के साथ दुर्व्यवहार, शोषण या आपात स्थिति में 24×7 निःशुल्क सेवा हेतु 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनंदगांव द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराये जाने की जानकारी दी गई। इच्छुक व्यक्ति/परिजन तालुका विधिक सेवा समिति, छुईखदान व नालसा टोल फ्री नंबर 15100 में संपर्क कर निःशुल्क कानूनी परामर्श एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर विधिक सेवा समिति छुईखदान के पी. एल. व्ही श्री सनील कुमार, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के संदेश के साथ किया गया।

