महाराष्ट्र में MPSC की परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच आयोग ने बड़ा फैसला लिया है. 3 अक्टूबर से होने वाली परीक्षा टाल दी गई है, वहीं 2025 की परीक्षा की कॉपियां भी दोबारा जांची जाएंगी. अब अभ्यर्थियों की नजर नई तारीखों और परीक्षा व्यवस्था को लेकर आने वाले अगले फैसले पर है.
महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग यानी MPSC ने 3 अक्टूबर से होने वाली स्टेट सर्विस मेन एग्जामिनेशन 2026 को स्थगित कर दिया है. इसके साथ Maharashtra Civil Engineering Main Examination 2026 और Maharashtra Group-B (Non-Gazetted) Main Examination को भी आगे बढ़ा दिया गया है. इन परीक्षाओं की नई तारीखों की जानकारी आयोग बाद में देगा.
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब MPSC की परीक्षा व्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध जारी है. ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा के कथित पेपर लीक और आयोग की ओर से कराई जा रही परीक्षाओं के संचालन को लेकर छात्र सवाल उठा रहे हैं.
MPSC ने बताया कि कई छात्रों, अभिभावकों, छात्र संगठनों और कुछ सम्मानित निर्वाचित प्रतिनिधियों की ओर से स्टेट सर्विस मेन एग्जामिनेशन 2026 को स्थगित करने की मांग की गई थी. यह परीक्षा 3 अक्टूबर से शुरू होनी थी. आयोग ने इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए तीनों परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला लिया है.अब अभ्यर्थियों को नई तारीखों के ऐलान का इंतजार करना होगा.
2025 की परीक्षा की कॉपियां दोबारा होगी जांच
MPSC ने स्टेट सर्विस मेन एग्जामिनेशन 2025 की answer sheets को लेकर भी बड़ा फैसला किया है. जिसके तहत 2025 के परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन दोबारा किया जाएगा. आयोग के मुताबिक, कई छात्र संगठनों और छात्रों ने 2025 की स्टेट सर्विस मेन एग्जामिनेशन की answer sheets के मूल्यांकन पर आपत्ति जताई थी. इन आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए दोबारा मूल्यांकन का फैसला लिया गया है. इसके साथ ही MPSC ने साफ किया है कि इस वजह से परीक्षा प्रक्रिया में देरी होने की संभावना है.
परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही हाईलेवल कमेटी
आयोग की मौजूदा परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारी वी. राधा की अध्यक्षता में एक हाईलेवल कमेटी बनाई गई है. कमेटी ने कई अभ्यर्थियों और दूसरे संबंधित लोगों से लंबी बातचीत की है. इसके साथ अलग-अलग जगहों पर अपनाई जा रही बेहतर परीक्षा व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है. आयोग के मुताबिक, परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कमेटी की सिफारिशें जल्द आने की उम्मीद है.
आदित्य ठाकरे ने राज्यपाल का भी किया जिक्र
शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी ने राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से परीक्षा स्थगित करने की मांग की थी और उनकी मांग स्वीकार कर ली गई. उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल MPSC के चेयरमैन के इस्तीफे की मांग भी करेंगे.
फिलहाल MPSC ने तीनों परीक्षाओं की नई तारीखें का ऐलान नहीं किया है. वहीं 2025 की स्टेट सर्विस मेन एग्जामिनेशन की कॉपियों की दोबारा जांच से इस परीक्षा प्रक्रिया में भी देरी होने की संभावना है. ऐसे में अभ्यर्थियों को अब आयोग की अगली घोषणा का इंतजार करना होगा.

