27वीं नवकार कलश यात्रा श्रद्धा-भक्ति के साथ सम्पन्न
नवकार महामंत्र आराधना में उमड़ा धर्मप्रेमियों का उत्साह
नागदा (ब्रजेश बोहरा) धर्मनगरी नागदा में चल रही 36 दिवसीय नवकार महामंत्र आराधना के अंतर्गत आज शुक्रवार को 27वीं नवकार कलश यात्रा साध्वीश्री अर्हमवृता श्रीजी म.सा. आदि ठाणा-4 के सान्निध्य में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुई। श्री शांतिनाथ जिनालय, जैन कॉलोनी सभागृह में प्रवचन के पश्चात नवकार महामंत्र जाप एवं आराधना हुई। कलश यात्रा के लाभार्थी प्रमोद कुमार, शैलेन्द्र कुमार, विपुल कोठारी एवं कोठारी परिवार रहे।
श्रीसंघ की एकता और अखंडता का दिया संदेश
प्रवचन में साध्वीश्री अर्हमवृता श्रीजी ने श्री श्वेताम्बर मूर्तिपूजक जैन श्रीसंघ, नागदा की एकता एवं सामूहिक सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्श्व प्रधान पाठशाला भवन में लगातार 26 वर्षों से चातुर्मास आयोजित होते आ रहे हैं। पूरे चातुर्मास के दौरान संघ के सदस्यों का निरंतर सहयोग एवं सहभागिता मिलना श्रीसंघ की एकता का परिचायक है।
साध्वीश्री ने कहा कि नगर में कितने भी जिनालय बनें, चातुर्मास इसी स्थल पर होना चाहिए। श्रीसंघ की एकता एवं अखंडता सदैव बनी रहनी चाहिए। उन्होंने संघ के सदस्यों से धार्मिक आयोजनों में इसी प्रकार सामूहिक सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर धार्मिक पाठशाला में निःशुल्क सेवा देने वाली श्रीमती कोमलबेन का ट्रस्टीगण की ओर से बहुमान किया गया। साध्वीश्री के आगामी चातुर्मास की विनती करने भीलवाड़ा श्रीसंघ से आए अतिथियों का श्री राजेन्द्र सूरि जैन ज्ञान मंदिर ट्रस्ट मंडल की ओर से सम्मान किया गया।
अभय चोपड़ा के उद्बोधन के पश्चात ट्रस्ट अध्यक्ष ब्रजेश बोहरा ने जैन कॉलोनी में आठ दिनों तक प्रवचन आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। ट्रस्ट मंडल ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए साध्वीश्री से सामूहिक रूप से विनती की।
कार्यक्रम में श्री सकल जैन श्रीसंघ अध्यक्ष राजेश धाकड़, चातुर्मास समिति के अध्यक्ष शरद आंचलिया , अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद के अध्यक्ष दिलीप गांधी एवं पदाधिकारी सहित श्रीसंघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभा का संचालन मनोज वागरेचा ने किया।
28वीं कलश यात्रा शनिवार को
नवकार महामंत्र आराधना के क्रम में 19 सितंबर को 28वीं कलश यात्रा सुबह 9 बजे श्री पार्श्व प्रधान पाठशाला भवन से निकलेगी। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा चिकित्सालय मार्ग स्थित ओरा परिवार के निवास पर पहुंचेगी। यहां सुबह 9:30 बजे प्रवचन होगा।
इसके पश्चात सुबह 11 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक अखंड नवकार महामंत्र जाप का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के लाभार्थी राकेश कुमार ओरा परिवार (नूतन स्कूल) ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर नवकार महामंत्र आराधना में धर्मलाभ लेने का अनुरोध किया है। नागदा से जीवनलाल जैन नागदा की रिपोर्ट

