4 टॉप और 4 बेस की रहेगी सीमा, डीजे संचालकों को न्यायालय के आदेश का करना होगा पालन
महाकाल (मानव मंदिर) चौक से होगी झांकियों की क्रमांक संख्या, तय मार्ग से ही निकलेगा विसर्जन जुलूस
राजनांदगांव। गणेश विसर्जन झांकी को लेकर चल रहा भ्रम अब खत्म हो गया है। वहीवटदार ने झांकियों के लिए मार्ग तय कर दिया है। विसर्जन झांकी निर्धारित मार्ग से ही निकलेगी और झांकियों की व्यवस्था को लेकर भी नियम तय किए गए हैं। महाकाल (मानव मंदिर) चौक से झांकियों की क्रमांक संख्या तय की जाएगी, जिसके आधार पर समितियों को आगे बढ़ाया जाएगा। झांकियां महाकाल (मानव मंदिर) चौक से सिनेमा लाईन, भारत माता चौक, कामठी लाईन, सुरजन गली, रामाधीन मार्ग से तिरंगा चौक से गंज चौक होते हुए मोहरा स्थित गणेश विसर्जन कुंड में गणेश प्रतिमा का विसर्जन करेंगी। विसर्जन झांकी में डीजे को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
डीजे में 4 टॉप और 4 बेस रखने की सीमा तय की गई है। डीजे संचालकों को ध्वनि प्रदूषण और डीजे से संबंधित न्यायालय के आदेशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। विसर्जन झांकी के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखना वहीवटदार के सामने बड़ी चुनौती होगी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ झांकियों को क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी पुलिस और वहीवटदार की होगी, जिसे लेकर बैठकें ली जा रही हैं। वहीवटदार ने स्पष्ट किया है कि विसर्जन झांकी में शामिल समितियों को निर्धारित नियमों के अनुरूप ही झांकी निकालनी होगी। क्रमांक संख्या तय होने के बाद झांकियों का क्रम बनाए रखना होगा, ताकि रास्ते में अनावश्यक जाम और अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। विसर्जन झांकी के संबंध में जिलाधिकारी जितेंद्र यादव का कहना है कि झांकी का मार्ग तय कर लिया गया है। झांकियां निर्धारित मार्ग से निर्धारित समय पर निकलेंगी। डीजे को लेकर भी संचालकों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी विसर्जन झांकी समितियों से सामंजस्य बनाने और शांतिपूर्वक झांकी निकालने के लिए कहा गया है।

