Homeटॉप न्यूज़'सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का...

‘सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान’, मुंबई में एकनाथ शिंदे गुट ने फाड़े पन्ने

शिवसेना (शिंदे गुट) के छह प्रवक्ताओं ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग- अ जर्नी ऑफ लव के खिलाफ आक्रामक रुख दिखाया। इस दौरान उन्होंने किताब के पन्ने भी फाड़े। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शिंदे गुट की नेता शायना एनसी ने दिवंगत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ी।

मुंबई : सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट ने महाराष्ट्र में इस किताब के प्रकाशन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि यह किताब स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान करती है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, शिवसेना नेताओं संजय निरुपम और शायना एनसी ने किताब की आलोचना की और कहा कि इसमें प्यार के बजाय नफरत का सफर दिखाया गया है। शिवसेना नेता सोनिया गांधी की किताब भी लेकर आए थे, इस दौरान उन्होंने किताब के पन्ने फाड़कर विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेस ने शाइना एनसी पर बाल साहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने का आरोप लगाया, जिसके बाद शाइना एनसी ने तस्वीर पोस्ट कर साफ किया कि उन्होंने बाल साहेब ठाकरे की तस्वीर नहीं फाड़ी।

संजय निरुपम ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने भारतीय क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानियों, खासकर सावरकर के प्रति शत्रुता दिखाई है, जिन्हें उन्होंने महाराष्ट्र की सबसे सम्मानित ऐतिहासिक हस्तियों में से एक बताया। उन्होंने सोनिया गांधी पर हिंदू-विरोधी भावनाएं रखने का भी आरोप लगाया।

संजय निरुपम ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

अपना विरोध जताने के लिए, शिवसेना नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग की एक प्रति लेकर आए और उसके कुछ पन्ने फाड़ दिए। संजय निरुपम ने बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़े हिस्सों का भी जिक्र किया। इस विवाद ने अब किताब की सामग्री, ऐतिहासिक हस्तियों के चित्रण और प्रतिबंध की मांग को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

वीर सावरकर के अपमान का आरोप

शिवसेना (शिंदे गुट) का आरोप है कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में स्वातंत्र्यवीर सावरकर का अपमान किया है। इसके विरोध में, शिंदे गुट के छह प्रवक्ताओं संजय निरुपम, शीतल म्हात्रे, संजना घाडी, शायना एनसी, आनंद दुबे और सुशीबेन शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किताब की प्रतियां फाड़ दीं। सावरकर के कथित अपमान का हवाला देते हुए, शिंदे गुट ने ठाकरे गुट पर भी तीखा हमला बोला।

उद्धव ठाकरे ने शाइना एनसी पर साधा निशाना

एकनाथ शिंदे गुट का मकसद सावरकर के कथित अपमान को उजागर करके ठाकरे गुट वाली शिवसेना को घेरना था। आरोप है कि इस दौरान शिंदे गुट की नेता और प्रवक्ता शायना एनसी ने गलती से किताब का वह पन्ना फाड़ दिया, जिस पर शिवसेना के दिवंगत प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर छपी थी।

शाइना एनसी ने दिया जवाब

इधर शाइना एनसी ने अपने एक्स अकाउंट पर किताब का एक पन्ना फाड़ते हुए तस्वीर पोस्ट की। इसमें बाल साहेब ठाकरे किसी के चेहरे पर चप्पल मारते हुए नजर आ रहे हैं। शाइना एनसी ने लिखा कि मुझे दिखाएं कि मैंने ‘हिंदू हृदय सम्राट’ बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर कहां फाड़ी है या उनका अपमान कहां किया है। किसी घटना को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर एक झूठी कहानी गढ़ना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो कोई भी मेरे खिलाफ अपमानजनक बातें फैलाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। और हां, जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं मणिशंकर अय्यर की तस्वीर हजार बार फाड़ दूंगी और बालासाहेब ने हमें यही सिखाया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments