Homeभारतउत्तरप्रदेशइटावा के मंदिर में दलित पुजारी को पूजा करने से रोकने पर...

इटावा के मंदिर में दलित पुजारी को पूजा करने से रोकने पर हंगामा, मारपीट में पत्‍नी और 14 साल के बेटे को आईं चोटें

इटावा में प्रसिद्ध सिद्ध पीठ टिक्सी मंदिर है। आकाश कोरी मंदिर में साफ सफाई का काम करते हैं। वे परिवार के साथ काली माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनको पूजा करने से रोक दिया। विरोध करने पर मारपीट भी की।

इटावा: यूपी के इटावा में विट्ठल आश्रम परिसर स्थित काली माता मंदिर में एक दलित पुजारी और उनके परिवार ने मारपीट का आरोप लगाया है। इस घटना में पुजारी के साथ उनकी पत्नी और 14 वर्षीय बेटे को भी चोटें आई हैं। पुजारी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पूजा करने से रोकने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़ित आकाश कोरी ने बताया कि वह अपनी पत्नी ज्योति कोरी के साथ प्रसिद्ध सिद्ध पीठ टिक्सी मंदिर में साफ-सफाई का कार्य करते हैं। रोजमर्रा की तरह मंगलवार सुबह नौ बजे वह विट्ठल आश्रम परिसर स्थित काली माता मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि मंदिर में मौजूद कुछ लोगों ने उनकी जाति का हवाला देते हुए उन्हें पूजा करने से रोक दिया। साथ ही जातिसूचक गालियां देने लगे।

बीच-बचाव करने पहुंची पत्‍नी को भी नहीं बख्‍शा

​आकाश के मुताबिक, जब उन्होंने जातिगत भेदभाव और अभद्रता का विरोध किया तो आरोपी भड़क गए और उन पर हमला बोल दिया। पति के साथ मारपीट होते देख ज्‍योति बीच-बचाव करने पहुंची। उनको भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और हाथापाई की। आरोप यह भी है कि दबंगों ने उनके 14 वर्षीय बेटे के साथ भी बेरहमी से लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपियों ने पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी।

दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया

​मंदिर परिसर में हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। फिलहाल पुलिस पीड़ित परिवार की तहरीर और बयानों के आधार पर पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments