Homeभारतमध्यप्रदेशमैहर में मौत को मात! NH-30 पर टैंकर के नीचे घुसी वरना...

मैहर में मौत को मात! NH-30 पर टैंकर के नीचे घुसी वरना कार, 100 मीटर तक घिसटने के बाद लगी आग; तीनों दोस्त सुरक्षित

मैहर में NH-30 पर एक ऐसा सड़क हादसा हुआ, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। तेज रफ्तार वरना कार टैंकर के नीचे जा घुसी और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। कुछ ही देर में कार में आग भड़क उठी और देखते ही देखते वह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार तीनों दोस्त सुरक्षित बच गए।

हाइलाइट्स

मैहर में तेज रफ्तार वरना कार टैंकर के नीचे जा घुसी
करीब 100 मीटर तक घिसटने के बाद कार में लगी आग
कार जलकर खाक, हादसे में तीनों दोस्त बाल-बाल बचे

मैहर: नेशनल हाइवे-30 (NH-30) पर रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। मैहर स्थित सिमरन सरोवर होटल के पास जबलपुर से सिंगरौली लौट रहे तीन दोस्तों की तेज रफ्तार हुंडई वरना कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार टैंकर के नीचे फंसकर करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई, जिसके बाद घर्षण से कार में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि आग की लपटें भड़कते ही कार सवार तीनों युवक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, जिससे एक बड़ा जनहानि टल गई। हालांकि हादसे में तीनों युवक घायल हुए हैं और कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।

जबलपुर से घूमकर सिंगरौली लौट रहे थे तीनों दोस्त

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिंगरौली जिले के बैढ़न निवासी तीन दोस्त हुंडई वरना कार (क्रमांक MP66 ZC 4783) में सवार होकर जबलपुर घूमने गए थे। रविवार रात वे वापस अपने घर बैढ़न लौट रहे थे। रात करीब 9:30 बजे जैसे ही उनकी कार मैहर बायपास स्थित सिमरन सरोवर होटल के समीप पहुंची, तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे आगे जा रहे टैंकर के नीचे जा घुसी।

कार को फंसा देख टैंकर चालक ने करीब 100 मीटर आगे जाकर वाहन रोका, लेकिन तब तक इंजन में शॉर्ट-सर्किट और घर्षण के कारण कार ने आग पकड़ ली थी। देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई।

पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहगीरों ने संभाला मोर्चा

हाईवे पर जलती कार और उठती लपटों को देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद धधकती आग पर काबू पाया।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी अपने साथियों के साथ रुके और पुलिस व दमकल कर्मियों के साथ मिलकर घायलों को संभालने व राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई कार को हाईवे से किनारे करवाकर बाधित यातायात को सुचारू कराया।

घायलो की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30 वर्ष) पिता रोहणी प्रसाद पांडेय, आशीष कुमार पांडेय (40 वर्ष) पिता हनुमान प्रसाद पांडेय, शिवेंद्र पांडेय (32 वर्ष) पिता सुशील कुमार पांडेय, के रूप में हुई है। तीनो निवासी बैढ़न (सिंगरौली) है।

घायलों का निजी अस्पताल में चल रहा उपचार

कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार ने बताया कि हादसे में घायल तीनों युवकों को तत्काल इलाज के लिए मैहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments