चीन में रियल एस्टेट के बाद एक और संकट तेजी से उभर रहा है। चीन ने हाल के वर्षों में ऑटो कैपेसिटी को तेजी से बढ़ाया है। हालत यह हो गई है कि देश की कैपेसिटी डिमांड से तीन गुना बड़ी हो चुकी है।
नई दिल्ली: रियल एस्टेट के बाद चीन की ऑटो इंडस्ट्री भी हांफने लगी है। इस साल के पहले आठ महीनों में चीन की ऑटोमोटिव इंडस्ट्री का प्रॉफिट मार्जिन गिरकर 3.8 फीसदी रह गया जो कम से कम 12 साल में सबसे कम है। यह लगातार 12वें साल गिरावट की तरफ बढ़ रहा है। समस्या यह है कि चीन की ऑटो इंडस्ट्री सेल्स से तीन गुना ज्यादा गाड़ियां बना रही है। चीन दुनिया का सबसे बड़ा ऑटो मार्केट है।
चीन ने कई साल तक इस इंडस्ट्री में जमकर निवेश किया। इस कारण इसकी क्षमता डिमांड से कई गुना ज्यादा हो गई है। कमजोर डिमांड के कारण कंपनियों के बीच गलाकाट होड़ मची हुई है। इस कारण उन्हें कम से कम मार्जिन पर गाड़ियां बेचनी पड़ रही हैं। साल के पहले आठ महीनों में चीन में गाड़ियों की सालाना बिक्री में 22 फीसदी गिरावट आई है।
लगातार 14वें साल गिरा मार्जिन
माना जा रहा है कि इस पूरे साल चीन में गाड़ियों की बिक्री 22 फीसदी गिरकर 1.85 करोड़ यूनिट रहने की उम्मीद है। यह साल 2014 के बाद सबसे कम है। चीन की कंपनियां सालाना 6.29 करोड़ गाड़ियां बना सकती हैं जो डिमांड के मुकाबले तीन गुना अधिक है। 2014 में चीन की ऑटो कंपनियों का प्रॉफिट मार्जिन 9 फीसदी था। लेकिन उसके बाद इसमें लगातार गिरावट आई है।
साल 2015 में यह गिरकर 8.7 फीसदी रह गया। उसके अगले साल यानी 2016 में यह 8.3 फीसदी, 2017 में 7.8 फीसदी, 2018 में 7.3 फीसदी, 2019 में 6.3 फीसदी, 2020 में 6.2 फीसदी, 2021 में 6.1 फीसदी, 2022 में 5.7 फीसदी, 2023 में 5 फीसदी, 2024 में 4.3 फीसदी और 2025 में 4.1 फीसदी रह गया। इस साल इसके 3.6 फीसदी रहने का अनुमान है।
दुनिया के बड़े कार बाजार
चीन दुनिया का सबसे बड़ा कार मार्केट है। उसके बाद अमेरिका, भारत, जापान, जर्मनी, ब्राजील, यूके, फ्रांस, कनाडा और इटली का नंबर है। भारत में अक्तूबर में कारों की बिक्री 5 लाख यूनिट से अधिक रही। यह पहला मौका है जब देश में कारों की बिक्री किसी महीने 5 लाख के पार पहुंची है।

