Homeभारतउत्तरप्रदेशगोंडा रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने की सुसाइड की कोशिश, RPF-GRP...

गोंडा रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने की सुसाइड की कोशिश, RPF-GRP ने समय रहते बचाई जान

गोंडा रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने शनिवार को गले में रस्सी का फंदा डालकर सुसाइड का प्रयास किया। सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने मौके पर पहुंचकर युवक की जान बचाई।

गोंडा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म संख्या छह पर फुट ओवरब्रिज के निकट एक व्यक्ति ने गले में रस्सी का फंदा डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला। अपनी जान जोखिम में डालकर पोल पर चढ़े जवानों ने फंदा खोलकर व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिसकर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई से एक अनमोल जिंदगी बच गई।

घटना शनिवार सुबह करीब 11:10 बजे की है। प्लेटफॉर्म संख्या छह पर पोल नंबर GD/L-9/11A के पास व्यक्ति को फंदे पर लटका देखकर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल विनोद कुमार ने तत्काल सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी के हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रजापति और आरपीएफ कांस्टेबल विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। दोनों जवान पोल पर चढ़े और सूझबूझ दिखाते हुए व्यक्ति के गले से फंदा खोलकर उसे नीचे उतार लिया।

प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती

बचाए गए व्यक्ति को तत्काल रेलवे चिकित्सक से प्राथमिक उपचार दिलाया गया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल गोंडा में भर्ती कराया गया, जहां सर्जिकल वार्ड के बेड संख्या 338 पर उसका उपचार चल रहा है। उसकी पहचान शंकर नेपाली पुत्र खड़क नेपाली, निवासी वार्ड संख्या आठ, रुकुम पश्चिम, नेपाल के रूप में हुई है।

परिजनों तक पहुंचाई सूचना

रेलवे पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घटना की जानकारी उसके पिता और जीजा को भी दे दी है। जिला अस्पताल में आरपीएफ कांस्टेबल विनोद कुमार मौजूद रहकर उपचार की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

वर्दी के साथ मानवीय दायित्व की भी मिसाल

इस घटना में आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने आपसी समन्वय, त्वरित निर्णय और साहस का परिचय देते हुए संकट की घड़ी में एक व्यक्ति को नया जीवन दिया। रेलवे परिसर में यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ संकट में फंसे लोगों की मदद के प्रति जवानों की तत्परता ने पुलिस के मानवीय चेहरे को भी सामने रखा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments