चुनाव आयोग में आंतरिक विरोध और सीईसी द्वारा मनमानी के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमलावर कॉकरोच जनता पार्टी को मुंबई पुलिस से झटका लगा है। मुंबई पुलिस ने 2 अक्टूबर को सीजेपी को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति देने से मना कर दिया है।
हाइलाइट्स
शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली
वैकल्पिक स्थान पर अनुमति लेने की सलाह दी
CJP गांधी जयंती पर करेगा जेल भरो आंदोलन
मुंबई: सीईसी ज्ञानेश कुमार के मुद्दे को लेकर कोकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन मुंबई में प्रस्तावित प्रदर्शन को मुंबई पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। शिवाजी पार्क पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद पवार ने सीजेपी के राष्ट्रीय संगठन प्रमुख अजिंक्य शिंदे को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मुंबई पुलिस बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर ही परमिशन देने के मूड में है, ताकि अगर कॉकरोच जनता पार्टी नियमों की अवेलहना करें तो उस स्थिति में पुलिस कार्रवाई कर सके।
शिवाजी पार्क के लिए मांगी थी अनुमति
पुलिस के पत्र के मुताबिक, CJP ने 2 अक्टूबर को शाम 3 से 5 बजे के बीच शिवाजी पार्क, दादर में आंदोलन की अनुमति मांगी थी। पुलिस ने कहा है कि बॉम्बे हाई कोर्ट के PIL 116/2009 में 4 जनवरी 2013 को दिए आदेश और महाराष्ट्र सरकार के 20 जनवरी 2016 के निर्णय के अनुसार शिवाजी पार्क में किसी भी सभा या कार्यक्रम की अनुमति देने का अधिकार मुंबई पुलिस के पास नहीं है। हाई कोर्ट के रिकॉर्ड में भी शिवाजी पार्क को लेकर शोर-प्रदूषण और कार्यक्रमों पर नियमन का उल्लेख है।
मुंबई पुलिस ने क्या दी है दलील
पुलिस ने पत्र में शिवाजी पार्क को शांतक्षेत्र बताते हुए संभावित ध्वनि प्रदूषण और प्रस्तावित आंदोलन के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई है। साथ ही क्षेत्र में अस्पताल होने के कारण यातायात बाधित होने की संभावना का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने सीजेपी को मुंबई शहर में किसी वैकल्पिक स्थान पर प्रदर्शन के लिए संबंधित पुलिस थाने या मुख्यालय में अनुमति आवेदन करने की सलाह दी है। सूत्र बताते हैं कि शिवाजी पार्क में अनुमति नहीं मिलने पर सीजेपी आजाद मैदान में धरना प्रदर्शन करने की कोशिश में जुटी है। इसके लिए आजाद मैदान पुलिस से परमिशन मांगने वाली है।
क्या है अभिजीत दिपके का प्लान
वहीं सीजेपी के अभिजीत दीपके ने पुलिस के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि नागरिकों की आवाज दबाने की ऐसी कोशिश स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई तो सीजेपी गांधी जयंती पर मुंबई में ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करेगा।

