कनॉट प्लेस के मिंटो रोड पर जर्जर ट्रैफिक पोल गिरने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। हादसे में ऑटो सवार बच्चे समेत दो लोग घायल हुए, जबकि एक स्कूटर सवार भी गिर गया। मेंटेनेंस एजेंसी को दिल्ली के अन्य ट्रैफिक पोलों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
नई दिल्ली: कनॉट प्लेस आउटर सर्कल, मिंटों रोड पर जर्जर ट्रैफिक पोल हादसे से जुड़े मामले में कनॉट प्लेस पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में एडिशनल पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिस कंपनी को ट्रैफिक पोल की मरम्मत और देखरेख की जिम्मेदारी दी हुई है, उसे नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगों को दिल्ली भर में कहीं पर भी इस तरह के जर्जर और खतरनाक ट्रैफिक पोल नजर आते है, तो वे भी इसकी शिकायत कर सकते ताकि जिससे मिंटों रोड जैसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। ट्रैफिक पोल हादसे के बाद पार्लियामेंट स्ट्रीट सर्कल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर की तरफ से भी 15 सितंबर 2026 को रात करीब 9:10 बजे मिंटो रोड पर लगे ट्रैफिक पोल की शिकायत की गई थी।
मौके पर सामने आए तथ्यों के अनुसार, उक्त ट्रैफिक पोल काफी पुराना और बुरी तरह जंग लगा हुआ था। खासतौर पर पोल के नीचे का आधार (फाउंडेशन) काफी खराब स्थिति में था। लंबे समय से जंग लगने और पुराना होने के कारण पोल का आधार कमजोर हो गया था। घटना के समय वहां से गुजर रहे ऑटो-रिक्शा पोल से हल्का का टच हुआ। जिसके बाद कमजोर आधार से पोल अचानक उखड़ गया और ऑटो पर गिर पड़ा।
ऑटो में सवार बच्चे को मामूली चोट, इलाज के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी
घटना के समय ऑटो में 10-12 साल का एक नाबालिग बच्चा भी सवार था। पोल गिरने से बच्चे को मामूली चोटें आई। बच्चे को लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां आवश्यक चिकित्सकीय जांच और उपचार किया गया। चोटें बहुत मामूली पाई गईं और उपचार के बाद बच्चे को उसी समय अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हाथ में चोट लगने पर शख्स आरएमएल से बीएलके अस्पताल रेफर
घटना में शामिल एक अन्य व्यक्ति के हाथ में चोट आई। उसे चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए आरएमएल अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे आगे के उपचार के लिए बीएलके अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका वहां इलाज चल रहा है।
ट्रैफिक पोल गिरने के बाद मेंटेनेंस एजेंसी को जांच के निर्देश
इसी घटना के दौरान एक स्कूटर सवार भी गिर गया। मामूली चोट होने के कारण उसने कोई मेडिकल हैल्प नहीं मांगी और वह अपने घर चला गया था। ट्रैफिक पोल के पुराने और उसके आधार के अत्यधिक जंग लगे होने को देखते हुए संबंधित मेंटेनेंस एजेंसी को मौके पर लगे अन्य ट्रैफिक पोलों की स्थिति का भी निरीक्षण करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के आदेश दे दिए गए है।

