गाजियाबाद में कार लोन का वेरिफिकेशन न करने के पर युवती के पिता और भाभी पर पिस्टल तानने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।
हाइलाइट्स
युवती ने कार लोन के लिए किया था अप्लाई
वेरिफिकेशन करने आई थी, परिवार का इनकार
पुलिस ने मामला दर्ज किया, आरोपितों की तलाश
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से अजीब मामला सामने आया है। कार लोन का वेरिफिकेशन न करने पर युवती के अपने पिता और भाभी पर पिस्टल तानने की खबर सामने आई है। आरोपों के अनुसार, वृंदावन गार्डन में कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर परिवार में विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवती ने अपने पिता और भाभी को पिस्टल दिखाकर डराया। युवती पहले घर से चली गई थी और करीब ढाई साल बाद इस तरह दोबारा घर पहुंची। मामले की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
हितेश तोमर के मुताबिक, उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल से अलग रह रही है। घर पर उसका आना-जाना भी नहीं था। आठ सितंबर की शाम करीब पांच बजे वह अपनी सहेली के साथ उनके घर पहुंची। उसने पिता से कार लोन के लिए वेरिफिकेशन कराने को कहा, लेकिन उन्होंने इसके लिए मना कर दिया। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि प्रियंका ने पिता के साथ गाली-गलौज की। बीच-बचाव करने आई भाभी से भी हाथापाई हुई, जिसके बाद दोनों युवतियां वहां से चली गईं।
मेन गेट तोड़कर आई भीतर
हितेश का आरोप है कि करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ फिर घर पहुंची। इस बार दोनों ने घर के मुख्य गेट को तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गईं। आरोप है कि घर में घुसने के बाद प्रियंका ने पिता और भाभी की ओर पिस्टल तान दी। अचानक सामने पिस्टल देखकर दोनों जान बचाने के लिए फर्स्ट फ्लोर पर चले गए। सीसीटीवी फुटेज में युवती के हाथ में पिस्टल दिखाई देने का दावा किया गया है।
घटना के बाद हितेश तोमर ने साहिबाबाद थाने में अपनी बेटी प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित युवतियों की तलाश शुरू कर दी है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।

