नडियाद। नडियाद टाउन पुलिस ने भाजपा किसान मोर्चा के नगर महामंत्री प्रकाश परमार पर हुए हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना शहर के डी-मार्ट चौकड़ी क्षेत्र में हुई थी, जिसके बाद राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिराग रसिकभाई चावड़ा, गोपाल उर्फ गोपू रसिकभाई चावड़ा, नितिन उर्फ गोपाल जयंतीभाई परमार और महेंद्र छोटाभाई चावड़ा के रूप में हुई है।
आरोप है कि चारों ने पूर्व नियोजित तरीके से प्रकाश परमार पर हमला किया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नडियाद टाउन पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और हमले के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। महानगर मेट्रो को मिली जानकारी के अनुसार मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश के लिए भी पुलिस की विशेष टीमें कार्रवाई कर रही हैं।

