इन्दौर। परोपकार सम्राट, मोहनखेड़ा महातीर्थ विकास प्रेरक, प.पू. आचार्यदेव श्रीमद्विजय ऋषभचन्द्र सूरीश्वरजी म.सा. की 5वीं वार्षिक पुण्यतिथि पर श्री राजेन्द्र ऋषभ फाउंडेशन ट्रस्ट, इन्दौर द्वारा सेवा अभियान के अंतर्गत जरूरतमंदों को भोजन वितरण का विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर एम.वाय.एच. शासकीय चिकित्सालय, इन्दौर परिसर में मरीजों के परिजनों एवं अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को स्नेहपूर्वक भोजन वितरित किया गया।
गुरुदेवश्री के सुशिष्य अष्टम वर्षीतप तपस्वी प.पू. मुनिराज श्री पीयूषचंद विजयजी म.सा. एवं प्रवचनदक्ष प.पू. मुनिराज श्री रजतचंद्र विजयजी म.सा. की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में ट्रस्ट द्वारा जीवदया, गौसेवा एवं मानव सेवा के विविध प्रकल्प निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। इसी सेवा श्रृंखला के अंतर्गत समय-समय पर जरूरतमंदों के लिए भोजन, चिकित्सा सहयोग एवं अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के सदस्यों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाते हुए मानव सेवा के इस पुनीत कार्य को समर्पण भाव से सम्पन्न किया। अस्पताल परिसर में उपस्थित अनेक जरूरतमंदों ने भोजन प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की तथा इस सेवा कार्य की सराहना की।
आचार्य भगवंत सदैव सेवा, संवेदना एवं परोपकार को धर्म का वास्तविक स्वरूप बताते थे। उन्हीं के आदर्शों एवं प्रेरणाओं से प्रेरित होकर ट्रस्ट समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता एवं सहयोग पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मानव सेवा के इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंदों के जीवन में राहत एवं आत्मीयता का भाव पहुंचाना है।
इस पुण्य सेवा कार्य के लाभार्थी शिवगंज (राजस्थान) निवासी स्वर्गीय हिम्मतमलजी बभुतमलजी परमार के आत्मश्रेयार्थे, हस्ते किशोरजी परमार (पुणे-दौंड) रहे। ट्रस्ट परिवार द्वारा लाभार्थी परिवार के प्रति हार्दिक अनुमोदना एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
अंत में ट्रस्ट पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से सेवा, करुणा एवं परोपकार की भावना को जीवन में अपनाने तथा ऐसे जनहितकारी कार्यों में अधिकाधिक सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

