28 साल के लालू को खून से लथपथ देखकर पुलिसकर्मी तत्काल उसको लेकर अस्पताल भागे। मां का कहना है कि बेटा नशे का आदी है।
यूपी के गोरखपुर में एक युवक अचानक थाने में पहुंच गया। पुलिस ने जब उसके आने का कारण पूछा तो उसने अपने गले में लपेटा हुआ गमछा हटाया जिसे देखकर एक बार तो पुलिस के भी होश उड़ गए। युवक का गला कटा हुआ था। आनन-फानन इसकी सूचना परिजनों को दी गई और घायल युवक को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए गोरखपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
चौरी-चोरा थाना क्षेत्र के चौरा गांव का रहने वाला 28 वर्षीय लालू शनिवार की दोपहर 1:30 बजे के आसपास अचानक थाने पहुंच गया। वहां उपस्थित पुलिस वालों ने जब उसके आने का कारण पूछा, तो उसने अपने गले में लपेटा हुआ गमछा हटाया। जैसे ही पुलिस वालों ने उसका कटा हुआ गला देखा तो एक बार उनके भी होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई और युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी युवक को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया, लेकिन परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए जहां उसका इलाज जारी है।
मां ने कहा- बेटा नशे का आदी है
घायल की मां श्रीजावती देवी का कहना है कि बेटा नशे का आदी है। पिछले 10 दिनों से उसका इलाज कस्बे के डॉक्टर से कराया जा रहा था। शनिवार की सुबह वह दवा लेकर घर वापस लौटा था और खाना खाकर ऊपर वाले कमरे में आराम करने के लिए चला गया। न जाने कब उसने इस घटना को अंजाम दिया , और सीधे थाने पहुंच गया। इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक के कमरे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। आशंका है कि इसी से युवक ने अपना गला रेतने की कोशिश की है। कमरे में स्थित बेड पर खून के निशान भी मिले हैं। हालांकि युवक की स्थिति में सुधार होने के पश्चात उसका बयान दर्ज कराया जाएगा, तब जाकर सही स्थिति का पता चल सकेगा।
क्या बोले एसपी नॉर्थ
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि घटना संज्ञान में है। संबंधित थाने की पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवक ने स्वयं अपने गले पर वार कर खुद को मारने की कोशिश की थी। युवक का बयान दर्ज कराया जाएगा, उसके बाद ही सही स्थिति का आकलन हो सकेगा। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

