भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर मुख्यमंत्री के काफिले के पीछे जबरन घुसने की कोशिश कर रहे एक बाइक सवार ने रोकने पर ट्रैफिक सूबेदार का कॉलर पकड़ लिया और उनका मोबाइल छीन लिया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश इलाके श्यामला हिल्स में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताने और पुलिसकर्मी से सरेआम बदसलूकी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पॉलिटेक्निक चौराहे पर मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान एक 26 वर्षीय बाइक सवार ने न सिर्फ वीआईपी रूट का उल्लंघन करने की कोशिश की, बल्कि रोकने पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सूबेदार से हाथापाई भी की।
स्टेट हैंगर जा रहा था सीएम का काफिला
घटना बुधवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। मुख्यमंत्री का काफिला सीएम हाउस से स्टेट हैंगर की तरफ जा रहा था। वीआईपी मूवमेंट के चलते पॉलिटेक्निक चौराहे पर ट्रैफिक को कुछ देर के लिए रोका गया था। जैसे ही काफिला चौराहे से आगे बढ़ा, बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवकों ने काफिले के ठीक पीछे अपनी गाड़ी घुसाने का प्रयास किया।
ट्रैफिक कर्मी से की गाली-गलौज
वहां तैनात ट्रैफिक सूबेदार जितेंद्र कुमार अटेरिया ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें रोका और काफिले को थोड़ा आगे बढ़ने तक इंतजार करने को कहा। इस बात पर बाइक चालक भड़क गया और पुलिसकर्मी से बहस करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने सूबेदार का कॉलर पकड़ लिया, उनका मोबाइल फोन छीन लिया और गाली-गलौज करने लगा। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और डायल-112 टीम की मदद से श्यामला हिल्स थाने भिजवाया।
तीन दिन में दूसरी घटना
भोपाल में पिछले तीन दिनों के भीतर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले गौतम नगर के नारियलखेड़ा चौराहे पर भी बाइक हटाने को कहने पर कुछ लोगों ने पुलिस टीम के साथ बदसलूकी की थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था और सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

