दिल्ली के मालवीय नगर में लगी आग का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने प्रदेश भर में व्यापक सुरक्षा जांच शुरू करने का निर्देश दिया है।
यूपी में होटलों का फायर ऑडिट
लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली के मालवीय नगर स्थित रेस्तरां में लगी आग का संज्ञान लेते हुए गुरुवार को प्रदेश भर में व्यापक सुरक्षा जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी बहुमंजिला इमारतों, कार्यालयों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी ऑडिट करवाने को कहा है। सीएम ने खासतौर पर होटलों की जांच कर इनकी ऑडिट रिपोर्ट पेश करने को कहा है। इसके साथ ही इनके फायर सेफ्टी सिस्टम में जरूरत के हिसाब से सुधार करवाने के भी निर्देश दिए हैं।
‘ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी’
आग से जुड़ी घटनाओं के संबंध में सीएम योगी ने सभी विकास प्राधिकरणों, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और फायर सेफ्टी विभाग समेत सभी एजेंसियों को सतर्कता बढ़ाने को कहा है। उन्होंने साफ कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऐक्शन में फायर सेफ्टी टीम
सीएम के निर्देश पर गुरुवार से ही लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में होटल, गेस्ट हाउस और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट शुरू हो गया। लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अंकुश मित्तल ने टीम के साथ कई होटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान जेमिनी कॉन्टिनेंटल, होटल क्लार्क्स अवध, गोल्डन स्काई, यश होटल, मोहन होटल, मिडास, ड्रीम पैलेस समेत कई होटलों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया।
एक हफ्ते चलेगा अभियान
निरीक्षण के लिए डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडे भी फील्ड में उतरे। उन्होंने गोमतीनगर स्थित क्लासियो कलेक्शन होटल पहुंचकर फायर सेफ्टी का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में एक सप्ताह तक विशेष जांच अभियान चलेगा। इस दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा और कार्रवाई भी की जाएगी।

