उत्तरप्रदेश के गोरखपुर के भटहट स्थित दलाल चौराहे पर निर्माणाधीन फोरलेन के डिवाइडर पर सो रहे एक मजदूर की मिट्टी में दबकर मौत हो गई। गुरुवार सुबह मिट्टी के ढेर से पबाहर दिखने पर घटना का खुलासा हुआ।
गोरखपुर: सड़क निर्माण में मजदूरी कर परिवार का पेट पालने वाला एक मजदूर उसी निर्माण कार्य की भेंट चढ़ गया। गुलरिहा थाना क्षेत्र के भटहट स्थित दलाल चौराहे पर निर्माणाधीन फोरलेन के डिवाइडर पर सो रहे मजदूर की मिट्टी में दबकर मौत हो गई। गुरुवार सुबह मिट्टी के ढेर से एक पैर बाहर निकला दिखाई देने पर घटना का खुलासा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी हटवाकर शव बाहर निकाला।
सुबह मिट्टी के ढेर से बाहर दिखा पैर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह राहगीरों ने डिवाइडर पर पड़े मिट्टी के ढेर से मानव पैर बाहर निकला देखा। आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी और मजदूरों की मदद से मिट्टी हटवाई तो उसके नीचे एक व्यक्ति का शव मिला।
डिवाइडर पर सो गया था मजदूर
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। बुधवार रात वह अत्यधिक थकान के कारण निर्माणाधीन फोरलेन के डिवाइडर पर ही सो गया था। इसी दौरान डंपर से मिट्टी गिराई गई और वह उसके नीचे दब गया। आशंका है कि दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
देवरिया का रहने वाला था मृतक
पुलिस ने मृतक की पहचान 35 वर्षीय मिंटू के रूप में की है। वह मूल रूप से देवरिया जिले का निवासी था और पिछले करीब पांच वर्षों से गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहां में अपनी ससुराल में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक वह पिछले 10 दिनों से जंगल कौड़िया क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।
घटनास्थल से मिला झोला
पुलिस को घटनास्थल से एक झोला भी मिला है, जिसमें रोटी-सब्जी, मोबाइल चार्जर, शॉल, चिलम और देसी शराब का पाउच बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी और दो बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
मिंटू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी नीता देवी, आठ वर्षीय बेटा कृष और चार वर्षीय बेटी गुड़िया हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताते हुए निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठाए हैं।

