Homeभारतदिल्लीदिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने रामजस कॉलेज के सामने,...

दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने रामजस कॉलेज के सामने, सामाजिक विज्ञान संकाय परिसर में नए बने प्रेरणा भवन का उद्घाटन

तारेश सचदेवा – नई दिल्ली, 25 मार्च।
दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने रामजस कॉलेज के सामने, सामाजिक विज्ञान संकाय परिसर में नए बने प्रेरणा भवन का उद्घाटन डूसू पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया। यह भवन स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर होगा जिसमें दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) कार्यालय भी बनाया गया है। औपचारिक उद्घाटन के पश्चात कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने पूरे भवन का अवलोकन किया और कहा कि यह प्रेरणा भवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरक होगा। उन्होंने बताया कि यह भवन विभिन्न छात्र केन्द्रित गतिविधियों का केंद्र रहेगा। इस अवसर पर कुलपति ने डूसू पदाधिकारियों के साथ चर्चा भी की और स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर के संचालन को लेकर सुझाव भी दिये।
कुलपति ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस प्रेरणा भवन के ग्राउंड फ्लोर पर 50 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला एक कैफेटेरिया बनाया गया है और उसके साथ ही एक यूटिलिटी शॉप बनाई गई है। कैफेटेरिया में स्टोर रूम और किचन की अलग से व्यवस्था की गई है। भवन के बेसमेंट में जिम और गेम जोन बनाया गया है। इमारत के फर्स्ट फ्लोर पर 120 लोगों की बैठने की क्षमता का एक सेमिनार हाल बनाया गया है। इमारत में सेकंड फ्लोर पर एक मीटिंग रूम और डूसू अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव व संयुक्त सचिव के लिए अलग-अलग कार्यालय बनाए गए हैं। इसके साथ ही इस फ्लोर पर पैंट्री और छोटा स्टोर भी रहेगा। प्रेरणा भवन में प्रत्येक तल पर अलग-अलग महिला एवं पुरुष शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है। भवन के थर्ड फ्लोर पर एक आधुनिक सुविधा संपन्न लाइब्रेरी एवं एक रीडिंग हॉल की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर कुलपति प्रो. योगेश सिंह के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, डीयू के वित्त अधिकारी गिरीश रंजन, चीफ इंजीनियर अशोक सैनी, डीन स्टूडेंट्स वेल्फेयर प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी, डूसू के स्टाफ एडवाइजर प्रो. सुरेंद्र कुमार और डूसू अध्यक्ष आर्यन मान व उपाध्यक्ष राहुल झांसला यादव सहित सभी डूसू पदाधिकारी एवं अनेकों शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments