Homeभारतराजस्थानकलेक्टर टीना डाबी से मिले नरेश मीणा: पेयजल संकट पर बनी सहमति,...

कलेक्टर टीना डाबी से मिले नरेश मीणा: पेयजल संकट पर बनी सहमति, 7 दिन का अल्टीमेटम देकर टाला धरना

देवली-उनियारा की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में भारी शक्ति प्रदर्शन; नरेश मीणा बोले- “नई कलेक्टर की योग्यता पर पूरा भरोसा, लेकिन काम नहीं हुआ तो करेंगे उग्र आंदोलन।

देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट और अन्य प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर भगत सिंह सेना के सुप्रीमो नरेश मीणा ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ नवनियुक्त जिला कलेक्टर टीना डाबी से मुलाकात की। वार्ता के बाद प्रशासन के सकारात्मक रवैये को देखते हुए नरेश मीणा ने आज से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना फिलहाल स्थगित कर दिया है।

कलेक्ट्रेट में गूंजे ‘नरेश मीणा जिंदाबाद’ के नारे

दोपहर करीब 12:30 बजे नरेश मीणा भारी लाव-लश्कर के साथ कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। उनके वहां पहुंचते ही पहले से मौजूद सैकड़ों समर्थकों ने ‘नरेश मीणा जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे लगाने शुरू कर दिए। समर्थकों के इस भारी उत्साह को देखकर मीणा ने कार से उतरकर हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। किसी भी स्थिति से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए टोंक डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।

कलेक्टर के चैंबर में 30 मिनट चली अहम वार्ता

नारेबाजी के बीच नरेश मीणा अपने कुछ प्रमुख साथियों के साथ कलेक्टर टीना डाबी के चैंबर में दाखिल हुए। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक गंभीर चर्चा हुई। कलेक्टर टीना डाबी ने सभी मांगों को बेहद सम्मानपूर्वक सुना और देवली-उनियारा क्षेत्र में पेयजल किल्लत का नियमानुसार और न्यायसंगत समाधान निकालने का त्वरित आश्वासन दिया।

टीना डाबी पर विश्वास है, पर 7 दिन का अल्टीमेटम भी

कलेक्टर के चैंबर से बाहर आने के बाद नरेश मीणा के तेवर स्पष्ट थे। उन्होंने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, “आज पहली बार नई कलेक्टर टीना डाबी से हमारी सकारात्मक वार्ता हुई है। मुझे उनकी योग्यता और बातों पर पूरा विश्वास है। उनके ठोस आश्वासन के बाद हम आज का धरना स्थगित कर रहे हैं। हालांकि, अगर एक सप्ताह के भीतर पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो हम दोबारा सड़कों पर उतरेंगे और उग्र आंदोलन करेंगे।”

आमजन की समस्याओं को भी सुना

कलेक्ट्रेट से लौटते समय नरेश मीणा ने परिसर में मौजूद महिलाओं और आम नागरिकों से भी मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्याएं तसल्ली से सुनीं और आमजन को यह भरोसा दिलाया कि अगली बार जब वह यहां आएंगे, तो उनकी समस्याएं भी कलेक्टर के सामने पूरी मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments