ग्रेटर नोएडा की पंचशील हाइनिश सोसाइटी में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के चुनाव को लेकर निवासियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अभद्रता के आरोप लगाए।
हाइलाइट्स
ग्रेटर नोएडा की पंचशील हाइनिश सोसाइटी में हंगामा
अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के चुनाव पर प्रदर्शन
महिलाओं ने बाल खींचने और अभद्रता के लगाए आरोप
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पंचशील हाइनिश सोसायटी में उस समय विवाद हो गया, जब एओए चुनाव कराने की मांग को लेकर निवासियों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एओए कार्यालय के पास मारपीट हुई। महिलाओं के बाल खींचते हुए उनसे अभद्रता की गई। इसके बाद महिलाओं समेत करीब 50 से 60 निवासी बिसरख थाने पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
निवासियों का कहना है कि अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) का कार्यकाल खत्म होने के बाद भी नए चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। रविवार को इस विरोध में लोग शांतिपूर्ण सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन एओए कार्यालय में विवाद हो गया। निवासियों ने विनोद नेगी, हिमांशु गौतम और विजय कुमार रस्तोगी पर महिलाओं के साथ अभद्रता और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। विनोद नेगी पर अनुज से मारपीट करने का भी आरोप है, जिसमें अनुज के सिर और हाथ में चोट आने की बात कही जा रही है। हालांकि, एओए अध्यक्ष ने इन आरोपों को खारिज किया है।
थाने में बड़ी संख्या में पहुंचे निवासी
निवासी राम गोपाल के अनुसार, इस घटना के दौरान मोनिका सैनी, वंदना सिंह और विजेता सिंह के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ। इसके बाद बड़ी संख्या में निवासी एकजुट होकर थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। निवासियों ने जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सोसाइटी में विरोध करने वाले निवासियों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

