लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जोशी सेना के एक सम्मानित पूर्व अधिकारी थे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 1965 और 1971 के युद्धों में हिस्सा लिया था। वह पुणे के वानवडी इलाके में स्थित अपने घर की छत से गिर गए। उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कोंढवा थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है।
पुणे : सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जोशी का निधन हो गया। उन्होंने 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्धों में हिस्सा लिया था और ‘डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ट्रेनिंग’ (DGMT) के पद पर काम किया। खास बात है कि बुधवार सुबह वानोवरी के सालुंके विहार स्थित अपनी रिहायशी इमारत की छत पर उनकी लाश मिली। कहा जा रहा है कि घर की छत पर उनका पांव घिसल गया और उनकी मौत हो गई। वह 90 वर्ष के थे।
‘बॉम्बे सैपर्स’ के एक वरिष्ठ अधिकारी रहे अशोक जोशी का सैन्य हलकों में बहुत सम्मान था। कॉम्बैट इंजीनियरिंग, राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य इतिहास में उनके योगदान को काफी सराहा जाता था। वे सैन्य मामलों पर अपने लेखन के लिए भी जाने जाते थे और रिटायरमेंट के बाद भी ‘बॉम्बे इंजीनियरिंग ग्रुप एंड सेंटर’ से गहराई से जुड़े रहे।
न्योमा एयरबेस के सर्वे में निभाई थी भूमिका
पूर्वी लद्दाख के न्योमा में शुरुआती रेकी में भी अशोक जोशी ने अहम भूमिका निभाई थी। यही जगह बाद में रणनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण मिलिट्री ३ एयरफील्ड के रूप में विकसित हुई। 1961 में, जब वे फुकचे स्थित ’20 फील्ड कंपनी’ में ‘सेकंड-इन-कमांड’ थे, तब उन्होंने फाइटर एयरक्राफ्ट के उतरने की सुविधा विकसित करने के लिए न्योमा साइट का सर्वे कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आज न्योमा एयरबेस को दुनिया के सबसे ऊंचे फाइटर-सक्षम मिलिट्री एयरबेस के रूप में जाना जाता है, जो इस क्षेत्र में इसे काफी रणनीतिक महत्व देता है।
छत पर गए थे धूप सेकने
कोंढवा पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह जोशी ने अपने डोमेस्टिक हेल्पर को बताया था कि वे सर्दियों की धूप सेंकने के लिए छत पर जा रहे हैं। वे अपनी रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल पर एक फ्लैट में रहते थे। कोंढवा पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर संतोष खेतमालस ने बताया कि कुछ देर बाद, वहां रहने वाले लोगों ने उनका शव देखा और घरेलू सहायक को बताया, जिसने आगे उनकी बेटी को सूचित किया। उनकी बेटी तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें एम्बुलेंस से ‘सदर्न कमांड हॉस्पिटल’ ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चक्कर आने की थी समस्या
पुलिस ने ‘एक्सीडेंटल डेथ’ का मामला दर्ज किया है और घटना के हालात जानने के लिए उनकी बेटी का बयान भी दर्ज किया है। खेतमालस ने कहा की उनकी बेटी ने हमें बताया कि उन्हें पहले भी चक्कर आने की समस्या रही थी और वे घर पर कुछ बार गिर भी चुके थे। परिवार को घर के उस सहायक पर कोई शक नहीं है, जो पिछले आठ वर्षों से उनके साथ काम कर रहा है। हम नियमों के अनुसार आगे की जांच करेंगे।
साथी अफसर भी हैरान
अपने सैन्य करियर के अलावा, जोशी ने वाशिंगटन में भारत के रक्षा अताशे (डिफेंस अताशे) के रूप में भी काम किया था। बॉम्बे सैपर्स के एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कॉम्बैट इंजीनियरिंग और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अशोक जोशी का योगदान और उनकी समझ, ‘कॉर्प्स’ की मूल भावना को दर्शाती है। अधिकारी ने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे बॉम्बे इंजीनियरिंग ग्रुप एंड सेंटर से गहराई से जुड़े रहे और नियमित रूप से वहां के कार्यक्रमों में शामिल होते थे।
अशोक जोशी ने कई वर्षों तक सालुंके विहार हाउसिंग सोसाइटी के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया और इसके प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बॉम्बे सैपर्स के एक अन्य पूर्व अधिकारी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ अपनी आवासीय कम्युनिटी के लिए भी बहुत बड़ा योगदान दिया। उनका जाना एक बहुत बड़ी क्षति है। वे भारतीय सेना के सबसे वरिष्ठ, सम्मानित और कई पदकों से नवाजे गए पूर्व सैनिकों में से एक थे।

