Homeभारतउत्तरप्रदेशखेलते-खेलते नदी किनारे पहुंचीं बच्चियां, जंगली पौधे की फलियां खाईं, दो की...

खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंचीं बच्चियां, जंगली पौधे की फलियां खाईं, दो की मौत, तीसरी की हालत गंभीर

यूपी के बिजनौर में तीन बच्चियां गुलाह नदी के किनारे खेलने गई थीं. वहां उन्होंने कथित तौर पर कसौंदी नाम के जंगली पौधे की फलियां खा लीं. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दो की जान नहीं बच सकी.

बच्चे खेलते हुए अक्सर ऐसी चीजें उठा लेते हैं, जिनके बारे में उन्हें कुछ पता नहीं होता. कभी कोई पत्ता, कभी फूल, तो कभी पेड़-पौधे पर लगा फल. उत्तर प्रदेश के बिजनौर में तीन छोटी बच्चियों के साथ दुखद घटना हुई है. तीनों घर से खेलने निकली थीं. गुलाह नदी के किनारे पहुंचीं और वहां उगे एक जंगली पौधे की फलियां तोड़कर खा लीं. कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिवार वाले उन्हें डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, लेकिन दो बच्चियों को बचाया नहीं जा सका. तीसरी बच्ची अस्पताल में जिंदगी के लिए जूझ रही है.

घटना बिजनौर के बढ़ापुर इलाके की है. पुलिस के मुताबिक, बुधवार को तीन बच्चियां गुलाह नदी के पास खेलने गई थीं. इनमें दो छह साल की हैं, और एक चार साल की है. खेलते हुए तीनों नदी के किनारे उगे कसौंदी नाम के जंगली पौधे तक पहुंच गईं. उन्होंने पौधे पर लगी फलियां तोड़ीं और खा लीं. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. परिवार वाले पहले तीनों को एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए. लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ.

बढ़ापुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के मुताबिक, गुरुवार देर शाम छह साल की बच्ची की मौत हो गई. इसके अगले दिन यानी शुक्रवार को चार साल की बच्ची ने भी दम तोड़ दिया. दो बच्चियों की मौत के बाद परिवारों में मातम पसरा है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों बच्चियों के शवों को बिना पोस्टमॉर्टम कराए दफना दिया गया. तीसरी बच्ची साधिका की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे बिजनौर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है.

बिजनौर के एडिशनल एसपी गौतम राय ने बताया कि दोनों बच्चियों की मौत जहरीली फलियां खाने के बाद हुई. घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भी दे दी गई है. छोटे बच्चे अक्सर खेलते समय आसपास की चीजों को छूते या मुंह में डाल लेते हैं. ऐसे में घर के आसपास या खेलने की जगहों पर मौजूद अनजान पौधों और उनके फल-फूल को लेकर सावधानी जरूरी है. परिवारों के लिए यह हादसा ऐसा दुख छोड़ गया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments