साउथ दिल्ली के लाजपत नगर पार्ट-2 स्थित एक 5 मंजिला बिल्डिंग के बेसमेंट में बने मीडिया हाउस के ऑफिस में भीषण आग लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया है और सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती है।
नई दिल्ली: साउथ दिल्ली के लाजपत नगर में 5 मंजिला बिल्डिंग के बेसमेंट में आग लगने से बड़ा हादसा हुआ। इसमें 1 शख्स की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। एडिशनल डीसीपी साउथ ईस्ट उत्कर्ष के मुताबिक, बुधवार दोपहर 1:17 बजे लाजपत नगर पार्ट-2 स्थित G-5 बिल्डिंग में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली।
स्थानीय लोगों ने की आग बुझाने की कोशिश
पेट्रोलिंग कर रहे हेड कॉन्स्टेबल गजानन ने सबसे पहले आग देखी और मौके पर पहुंचे। इसके बाद SHO मुकेश बालयान इंस्पेक्टर अमित कुमार, सब इंस्पेक्टर दीपक समेत अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की टीमों ने बिल्डिंग खाली कराने और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पहली से चौथी मंजिल पर मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। फायर टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने बेसमेंट में पानी डालकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। बाद में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
जांच में आया सामने
बेसमेंट में मिलाना क्राफ्ट वर्क्स नाम से मीडिया हाउस का ऑफिस है। जांच में सामने आया कि वहां फायर सेफ्टी उपकरण लगाने के लिए वेल्डिंग का काम हो रहा था। आशंका है कि इसी दौरान आग लगी। हादसे में गौरव नाम के स्टाफ को रेस्क्यू कर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे स्टाफ प्रेम सिंह | शर्मा को ICU में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
स्थानीय निवासी अनिल कुमार और ललित ढींगरा ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के लोग और RWA सदस्य भी आग बुझाने और लोगों को बचाने में जुट गए थे। पुलिस ने FIR दर्ज कर वेल्डिंग का काम कराने वाले ठेकेदार को पूछताछ के लिए बुलाया है।

