जबलपुर के भेड़ाघाट में भीषण हादसा हुआ है। अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मार दी है। साथ ही पांच लोगों को कुचल दिया है। इनमें तीन लोगों की मौत हो गई है। ढाबा संचालक भी गंभीर रूप से घायल है।
हाइलाइट्स
जबलपुर के भेड़ाघाट में भीषण हादसा
अनियंत्रित ट्रक ने पांच लोगों को कुचला, तीन की मौत
ढाबा के पास खड़ी कई गाड़ियों को ट्रक ने टक्कर मारा
हादसे में ढाबा संचालक भी गंभीर रूप से घायल
जबलपुर: भेड़ाघाट थाना अंतर्गत रिंग रोड स्थित नेशनल हाईवे-45 पर राज फैमिली ढाबा के पास गुरुवार रात करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मक्का से लोड तेज रफ्तार ट्रक ने ढाबे के पास खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए आग ताप रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
खाना खा रहे थे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे। साथ ही ठंड से बचने के लिए आग ताप रहे थे। तभी मक्का से भरा तेज रफ्तार ट्रक लापरवाहीपूर्वक आया और ढाबे के पास खड़ी एक बोलेरो, एक कार और एक पिकअप वाहन को टक्कर मारते हुए वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।
इनलोगों की हुई है मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बलराम निवासी भिंड-मुरैना, जो शराब दुकान में कर्मचारी थे, मोनू, जो शराब दुकान में ही कर्मचारी थे, तथा धर्मेंद्र निवासी खैरी, जो ढाबे में कर्मचारी थे, के रूप में बताई गई है।
ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल
वहीं, राज फैमिली ढाबा के संचालक राजा साहू इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आधी रात को हुए इस भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एक ही घटना में तीन लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लिया है। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है कि आखिर ड्राइवर ने किन परिस्थितियों में ऐसा किया है।

