जबलपुर के सिहोरा स्थित मोहसाम गांव में कोदो के आटे की रोटी खाने के करीब एक से डेढ़ घंटे बाद एक ही परिवार के 7 लोग बीमार हो गए। उल्टी, बेहोशी और झटके आने पर सभी को सिहोरा सिविल अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हाइलाइट्स
कोदो की रोटी खाने के बाद 7 लोग बीमार
उल्टी, सिरदर्द, बेहोशी और झटके की शिकायत
सिहोरा अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
जबलपुर: जिले के सिहोरा के पास मोहसाम गांव में कोदो के आटे की रोटी खाने से एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। विवरण के अनुसार, सिकंदर के परिवार ने भोजन में कोदो के आटे की रोटियां खाईं, जिसके करीब एक से डेढ़ घंटे बाद सदस्यों को उल्टियां, तेज सिरदर्द, बेहोशी और शरीर में झटके आने की शिकायत होने लगी।
सिहोरा अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों और सरपंच रिंकू पटेल की मदद से सभी को एंबुलेंस से सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. एहतेशाम अंसारी ने प्राथमिक उपचार किया; दो मरीजों की हालत बेहद गंभीर बताई गई और पांच अन्य भी ठीक से बोल नहीं पा रहे थे, जिसके बाद सभी को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
अनाज में जहर होने का शक
ग्राम सरपंच रिंकू पटेल के मुताबिक, परिवार ने चूल्हे पर कोदो के आटे की रोटियां बनाई थीं और आशंका है कि इस्तेमाल किया गया अनाज दूषित या विषाक्त हो सकता है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह की पुष्टि चिकित्सा व प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी।
पकाने से पहले रखें ध्यान
कोदो सामान्यतः खाने योग्य अनाज है, लेकिन सही ढंग से न सुखाने या नम जगह रखने पर उसमें फफूंद पनप सकती है, जिससे माइकोटॉक्सिन जैसे विषैले पदार्थ बन सकते हैं। कोदो से जुड़ी विषाक्तता के मामलों में साइक्लोपियाजोनिक एसिड को संभावित कारण माना गया है, जो तंत्रिका तंत्र व अन्य अंगों को प्रभावित कर सकता है और सामान्य पकाने या सेंकने से पूरी तरह नष्ट नहीं होता।

