लखनऊ जिला कारागार में बंद समरीन के बॉयफ्रेंड व इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी अवनीश जायसवाल उर्फ देव ने गुरुवार को जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
हाइलाइट्स
लखनऊ के होटल से गिरकर हुई थी समरीन की मौत
बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल उर्फ देव जेल में था बंद
लखनऊ जिला कारागार में फांसी लगाकर आत्महत्या की
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से गिरकर हुई 24 वर्षीय समरीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में लखनऊ जिला कारागार में बंद समरीन के बॉयफ्रेंड व इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी अवनीश जायसवाल उर्फ देव ने गुरुवार को जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जाता है कि उसका शव जेल की बैरक के बाथरूम में तौलिया के फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। जेल में बंदी की ओर से आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलते ही कारागार प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन में जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
10वीं मंजिल से गिरकर हुई थी समरीन की मौत
आपको बता दें कि बीते 14 अक्टूबर को सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय समरीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस जांच में सामने आया था कि घटना वाले दिन समरीन अपने बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल उर्फ देव के साथ उस होटल में रुकी थी। दोनों ने दोपहर करीब 12 बजे होटल में चेक-इन किया था और शाम करीब साढ़े 6 बजे समरीन होटल की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के तुरंत बाद आरोपी अवनीश होटल से फरार हो गया था।
बैरक के बाथरूम में लगाया फंदा
समरीन की मौत के मामले में नामजद होने के बाद से ही पुलिस आरोपी अवनीश जायसवाल की तलाश में दबिश दे रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच घटना के दो दिन बाद आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में उसे लखनऊ जिला जेल भेज दिया गया था, तब से वह जेल में निरुद्ध था। गुरुवार को उसने अपनी बैरक के बाथरूम में जाकर तौलिए का फंदा बनाया और फांसी लगाकर अपनी आत्महत्या कर ली। फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारी जेल कर्मियों व साथी बंदियों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों और परिस्थितियों की जांच पड़ताल में जुटे हुए हैं।

