Homeटॉप न्यूज़'मारीच के भेष में घूम रहे हैं रामभक्तों पर गोली चलाने वाले',...

‘मारीच के भेष में घूम रहे हैं रामभक्तों पर गोली चलाने वाले’, सीएम योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर लाठी और गोलियां चलवाईं, वही आज मारीच बनकर राम नाम जप रहे हैं।

गोरखपुर: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने कभी रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वही लोग आज राम नाम जप रहे हैं। जय श्रीराम बोलने पर जिन लोगों ने लाठी डंडे चलाए, जिन्होंने अयोध्या धाम को अपमानित किया, उन्हें भी आज राम का नाम याद आ रहा है। अच्छे लोग तो राम का हर समय स्मरण करते ही हैं और राम भी उन्हें संरक्षण देते हैं। लेकिन, जब दुर्जनों का अंतिम वक्त आता है तो उनके मुख से भी राम ही निकलता है, आपने मारीच को देखा होगा। आज जो मारीच का भेष धरकर आ रहे हैं, उन्हें पहचानने की जरूरत है।

सीएम योगी ने कहा, ‘अखिलेश यादव अयोध्या जाते हैं तो मुझे चुनौती देते हैं कि अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाइए। अयोध्या में तो हमारी आस्था है, लेकिन आप नामांकन करिए, हम भी नामांकन कर देंगे। एक बार आमने-सामने का मुकाबला हो ही जाए। आपके अंदर सामने से लड़ने की हिम्मत नहीं है। कमजोर व्यक्ति आमने-सामने की लड़ाई नहीं लड़ता, पीछे से वार करता है।’

अराजकता का दूसरा नाम है सपा- सीएम योगी

अपने भाषण में सीएम योगी ने कहा, ‘इन लोगों ने माफियाओं के बल पर उत्तर प्रदेश को रौंदा है। इन लोगों ने नौजवानों की नौकरी पर सेंध लगाई है। व्यापारियों और बेटियों को डराया है। किसानों को भुखमरी के कगार पर लाकर छोड़ दिया। समाजवादी पार्टी अराजकता का दूसरा नाम है, दंगों का दूसरा नाम है। हर माफिया इनका सगा है और माफियाओं के बल पर इन्होंने जनता को लूटा है।’

12 साल के मासूम की क्या गलती थी- सीएम योगी

सीएम योगी ने अपने भाषण में गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की टक्कर से हुई बच्चे की मौत पर भी समाजवादी पार्टी को घेरा। सीएम योगी ने पूछा, ‘आखिर उस 12-13 साल के मासूम की गलती क्या थी? जिस तरह कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह ये गुंडे और माफिया भी डंडे के बिना ठीक नहीं हो सकते और यही काम हमारी सरकार कर रही है।’

पीड़ित परिवार से मिलेंगे सीएम योगी

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘कल यहां अराजकता हुई और एक मासूम बच्चे की निर्मम हत्या कर दी गई। बेशर्मी की हद देखिए कि इनके मुंह से संवेदना का एक शब्द नहीं निकला। मैं इस मासूम बच्चे की मृत्यु पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। शाम को उस परिवार से भी जाकर मिलूंगा। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि जिसने ये हत्या की है, उसे खोजकर निकालिए और ऐसी सजा दीजिए कि उसकी पुश्तें याद रखें।’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments