नई मंडी कोतवाली पुलिस ने स्क्रैप कारोबारी की शिकायत पर शाहनवाज राणा और उनके दो बेटों अब्दुल अहद राणा व शाहआजम राणा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
हाइलाइट्स
शाहनवाज राणा और उनके दो बेटों के खिलाफ केस दर्ज
75 लाख रुपये के लेनदेन में धोखाधड़ी करने का आरोप
स्क्रैप कारोबारी की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा
मुजफ्फरनगर: पूर्व विधायक शाहनवाज राणा एक बार फिर नए विवाद में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। शाहनवाज राणा पर 75 लाख रुपये के कारोबार के लेनदेन में धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने स्क्रैप कारोबारी की शिकायत पर शाहनवाज राणा और उनके दो बेटों अब्दुल अहद राणा व शाहआजम राणा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि फैक्ट्री का मालिकाना हक होने का दावा कर कारोबारी को भरोसे में लिया गया और दो बार में लाखों रुपये का स्क्रैप व स्पंज आयरन मंगवाने के बाद भुगतान नहीं किया गया। बकाया रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
विवाह समारोह में हुई मुलाकात
मामले की शुरुआत सितंबर 2024 से बताई गई है। नई मंडी क्षेत्र की भरतिया कॉलोनी निवासी स्क्रैप कारोबारी जितेंद्र चौधरी के मुताबिक, एक विवाह समारोह में उनकी मुलाकात पूर्व विधायक शाहनवाज राणा से हुई थी। बातचीत के दौरान उन्हें कारोबार में साथ काम करने का प्रस्ताव दिया गया। इसके बाद उन्हें उत्तराखंड के मंगलौर स्थित यूपी बोन मेटल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में बुलाया गया। जितेंद्र अपने बेटे भीम चौधरी के साथ वहां पहुंचे, जहां शाहनवाज राणा के दोनों बेटों से भी मुलाकात हुई। शिकायत के अनुसार, शाहनवाज राणा ने खुद को फैक्ट्री का मालिक बताते हुए कारोबार से संबंधित दस्तावेज दिखाए और माल की सप्लाई के 20 दिन के भीतर भुगतान करने का भरोसा दिया।
दो किस्तों में भेजा 75 लाख का माल
कारोबारी का आरोप है कि भरोसे में आकर सितंबर 2024 में करीब 40 लाख रुपये का लोहे का स्क्रैप और स्पंज आयरन फैक्ट्री में भेजा गया। इसके बाद नवंबर 2024 में दूसरी खेप के रूप में लगभग 35 लाख रुपये का माल सप्लाई किया गया। इस तरह दोनों खेपों की कुल कीमत करीब 75 लाख रुपये थी।
आरोप है कि तय समय सीमा गुजरने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। कारोबारी ने कई बार रकम मांगी, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया। लंबे इंतजार के बाद भी जब बकाया नहीं मिला तो उसने आरोपियों से सीधे संपर्क करने का प्रयास किया।
मालिकाना हक पर उठाए सवाल, धमकी देने का भी आरोप
शिकायत में बताया गया है कि 25 अगस्त 2025 को जितेंद्र चौधरी अपने बेटे के साथ बकाया रकम मांगने आरोपियों के आवास पर पहुंचे। वहां उन्हें कथित तौर पर पता चला कि शाहनवाज राणा फैक्ट्री के वास्तविक मालिक नहीं हैं। कारोबारी का दावा है कि फर्जी और कूटरचित दस्तावेज दिखाकर फैक्ट्री का मालिकाना हक जताया गया और इसी आधार पर उनसे माल मंगवाया गया। विरोध करने तथा भुगतान की मांग करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पांच धाराओं में मुकदमा
शिकायत के आधार पर नई मंडी कोतवाली पुलिस ने शाहनवाज राणा और उनके दोनों बेटों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा के मुताबिक, मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हरिओम सिंह को सौंपी गई है। पुलिस फैक्ट्री के स्वामित्व, कथित दस्तावेजों, माल की सप्लाई और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

