Homeभारतछतीसगढ़सर्वेयर ने धान को लिख दिया धनिया, छत्तीसगढ़ का किसान परेशान, अब...

सर्वेयर ने धान को लिख दिया धनिया, छत्तीसगढ़ का किसान परेशान, अब मंडी वाले नहीं दे रहे टोकन

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा तहसील अंतर्गत ग्राम हिच्छा में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। किसान भोलाराम साहू ने अपने खेत में धान की फसल उगाई थी, लेकिन सर्वेयर ने गिरदावरी के दौरान उसे ‘धनिया’ दर्ज कर दिया।

रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों धान खरीदी का दौर चल रहा है, लेकिन प्रशासनिक और तकनीकी लापरवाहियों के चलते अन्नदाताओं को किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसकी एक बानगी महासमुंद जिले से सामने आई है। बागबाहरा तहसील के ग्राम हिच्छा के रहने वाले किसान भोलाराम साहू ने अपनी गाढ़ी कमाई और मेहनत से खेत में धान की फसल बोई थी। लेकिन सरकारी डिजिटल क्रॉप सर्वे के रिकॉर्ड में उनकी फसल को ‘धान’ की जगह ‘धनिया’ दर्ज कर दिया गया है। इस कागजी गलती के कारण अब किसान धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज नहीं बेच पा रहा है।

सर्वेयर और प्रशासनिक निगरानी पर उठे गंभीर सवाल

ग्रामीणों और जानकारों के अनुसार, यह मामला डिजिटल सर्वे प्रक्रिया की गुणवत्ता और उसकी निगरानी पर गहरे सवाल खड़े करता है। धनिया मूल रूप से शीत ऋतु (रबी) में बोई जाने वाली फसल है, जबकि धान एक वर्षाकालीन (खरीफ) फसल है। इसके बावजूद सर्वेयर ने खरीफ गिरदावरी के दौरान धनिया को वर्षाकालीन फसल के रूप में ऑनलाइन दर्ज कर दिया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिना किसी भौतिक सत्यापन के इस जाली या त्रुटिपूर्ण डेटा का अनुमोदन कैसे कर दिया गया?

पटवारी का अजीबोगरीब तर्क

जब इस गंभीर त्रुटि को लेकर सवाल उठाए गए, तो ग्राम हिच्छा की पटवारी अलका यदु का एक बेहद अजीबोगरीब तर्क सामने आया। उन्होंने कहा कि ‘धान और धनिया के पौधे एक जैसे दिखाई देते हैं, संभवतः इसी कारण यह त्रुटि हुई होगी। सर्वेयर ने जो दर्ज किया, उसे हमने अप्रूव कर दिया। यदि हम हड़ताल पर न होते, तो अब तक सुधार हो जाता।’

अधिकारियों ने दी सफाई

हालांकि, अधिकारियों की इस लापरवाही की सजा सीधा किसान को भुगतनी पड़ रही है। खट्टी उपार्जन समिति के प्रबंधक कौशल साहू ने बताया कि जब किसान अपनी धान बेचने के लिए समिति पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि राजस्व रिकॉर्ड में फसल की प्रविष्टि गलत है। अब जब तक राजस्व विभाग या तहसीलदार के स्तर से इस त्रुटि में सुधार नहीं किया जाता और नया टोकन नहीं कटता, तब तक उनका धान नहीं खरीदा जा सकेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments