Homeटॉप न्यूज़दिल्ली के RML अस्पताल का होगा कायाकल्प, 4784 बेड और 116 ऑपरेशन...

दिल्ली के RML अस्पताल का होगा कायाकल्प, 4784 बेड और 116 ऑपरेशन थिएटर की योजना

दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल का अगले 50 साल की जरूरतों के हिसाब से विस्तार किया जाएगा। नए मास्टर प्लान में 4784 बेड, 116 ऑपरेशन थिएटर, करीब 500 आईसीयू बेड, नए अस्पताल भवन और तीमारदारों के लिए 420 बेड की डॉर्मिटरी बनाने का प्रस्ताव है।

नई दिल्ली: डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूरे परिसर को नए सिरे से विकसित करने की तैयारी है। अस्पताल प्रशासन ने अगले 50 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर नया मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत नए भवन, ज्यादा बेड, आधुनिक इलाज की सुविधाएं, बेहतर पार्किंग और मरीजों के तीमारदारों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। अस्पताल के कायाकल्प की योजना तैयार करने के लिए प्रशासन की तरफ से टेंडर जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल की ओपीडी में हर महीने करीब 1.25 लाख से 1.65 लाख मरीज पहुंचते हैं। वहीं, 2026 के आखिर तक 2024 के मुकाबले मरीजों की संख्या 17% बढ़ सकती है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में इलाज की सुविधाओं का विस्तार जरूरी हो गया है।

अस्पताल बनेगा विकसित

अस्पताल परिसर की कई इमारतें 50 साल से ज्यादा पुरानी हैं। ऐसे में मरीजों की बढ़ती संख्या के साथ पुरानी इमारतों में इलाज की सुविधाएं बढ़ाना मुश्किल हो रहा है। नए प्लान में अस्पताल को अलग-अलग चरणों में विकसित किया जाएगा, ताकि निर्माण के दौरान भी मरीजों का इलाज प्रभावित न हो और बेड की संख्या कम न करनी पड़े। योजना के पहले चरण में प्लॉट-जी में 1000 बेड का नया अस्पताल बनाया जाएगा।

यहां नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज के साथ हॉस्टल और कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था भी होगी। दूसरे चरण में मुख्य अस्पताल परिसर में 2700 बेड का नया अस्पताल बनाने की योजना है। इसके लिए नए टावर बनाए जाएंगे।

4784 बेड, 116 ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू की सुविधा

डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए आवास, मेडिकल छात्रों के लिए हॉस्टल और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पूरी योजना के तहत अस्पताल में कुल 4784 बेड की व्यवस्था प्रस्तावित है। इनमें नए अस्पताल भवनों के साथ पहले से मौजूद कुछ भवनों और सुविधाओं को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा 116 ऑपरेशन थिएटर और करीब 500 आईसीयू बेड बनाने की योजना है।

मरीजों के साथ आने वाले लोगों के लिए अलग से बहुमंजिला भवन बनाने की योजना है। इसमें करीब 420 बेड वाले डॉर्मिटरी के साथ पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कमरे बनाए जाएंगे। भवन में कैंटीन और रसोई की सुविधा भी होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments