एनसीपी (शरद पवार) विधायक रोहित पवार ने अजित पवार विमान हादसे में साजिश की आशंका जताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर VSR कंपनी के मालिक को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की।
मुंबई : एनसीपी शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने एक बार फिर पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। रोहित ने मफलर मैन खुलासा करते हुए कहा कि वे कोई और नहीं बल्कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मफलर मैन का अजित पवार के हादसे से सीधा संबंध नहीं है। लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि अजित पवार के हादसे वाले विमान की कंपनी वीएसआर एविएशन के मालिक और सह संचालक रोहित सिंह को बचाने का काम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कर रहे हैं। रोहित ने मुख्यमंत्री फडणवीस की रोहित सिंह के साथ वाली तस्वीर जारी करते हुए बताया कि यह तस्वीर विवाह समारोह की है।
कई गंभीर सवाल उठाए
उन्होंने अजित पवार की मौत और विमान हादसे को लेकर कई गंभीर सवाल उठाया और हादसे के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए विमान दुर्घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। रोहित ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि विमानन कंपनी VSR के साथ केंद्रीय मंत्री के भी अच्छे संबंध हैं और इसी वजह से कंपनी के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रोहित पवार के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि फोटो के आधार पर इस तरह के गंभीर लगाना गलत है।
‘सीएम वी. के. सिंह के करीबी हैं इसलिए वे उन्हें बचा रहे’
रोहित ने कहा कि मेरा पूरे यकीन के साथ मानना है कि देवेंद्र फडणवीस ही वो लीडर हैं जिन्होंने वी. के. सिंह और VSR कंपनी को बचाया। वो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं, उनके पास पावर है, उनके पास CID है। प्रधानमंत्री उनकी बात सुनते हैं, CBI उनकी बात सुन सकती है। लेकिन अब तक कोई जांच क्यों नहीं हुई? इसका मुख्य कारण यह है कि हमारे मुख्यमंत्री फडणवीस वी. के. सिंह के करीबी हैं इसलिए वे उन्हें बचा रहे हैं।
जयपुर में मौजूद थे फडणवीस
सोमवार को मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस कर रोहित ने आरोप लगाया कि देवेंद्र फडणवीस जयपुर में वीके सिंह के इवेंट में मौजूद थे। रोहित पवार ने सरकार को चुनौती भी दी कि अगर इसमें कोई गलती है तो जांच करे। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि भले ही इस सरकार ने वीके सिंह और उनकी कंपनी को बचाने की कोशिश की है, लेकिन अगर हमारी सरकार आई तो वह उन्हें नहीं छोड़ेगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि स्वर्गीय अजित पवार का भतीजा किसी को नहीं छोड़ेगा। अगर हम अपने चाचा को न्याय नहीं दे सकते, तो गरीबों को न्याय कैसे देंगे? यह सवाल मेरे मन में लगातार आ रहा है। इसलिए, अगर मैं दादा को न्याय दिलाने के लिए कुछ बातें सामने लाता हूं, तो कल मेरी राजनीति खतरे में पड़ सकती है। लेकिन इसका मुझ पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
सबूत देने के बाद भी जांच नहीं
रोहित ने आरोप लगाया कि सबूत देने के बाद भी अजीत पवार के विमान हादसे की जांच के लिए सरकार की तरफ से कोई कोशिश नहीं हो रही है। यहां तक कि CBI भी इस मामले में केस दर्ज नहीं करना चाहती है। रोहित पवार ने कहा कि अजीत के बंगले के बाहर काला जादू किया गया था, इसमें कोंकण का कोई नेता शामिल था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अजित पवार के प्लेन क्रैश के बारे में DGCA को कई सबूत देने के बाद भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
रोहित के अन्य आरोप
अजीत पवार की मौत के दो दिन बाद VSR कंपनी के मालिक के बेटे रोहित सिंह ने अमेरिका में 18 करोड़ का घर खरीदा। जिस आदमी से उसने घर खरीदा, वह ड्रग स्मगलिंग में शामिल है। इसलिए, VSR कंपनी के सभी लेन-देन शक के दायरे में हैं।
रोहित पवार ने कहा कि हमने अजित पवार का दौरा बदलने, फ्लाइट का टाइम बदलना जैसी बातें सामने लाई थी। दादा कार से बारामती जाने वाले थे, लेकिन उस समय सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल ने फोन करके कहा कि वे उनसे मिलने आ रहे हैं।
एक आदमी ने फोन करके दादा को रोक लिया और कहा कि वह उनकी फाइल पर साइन करना चाहता है। उसके बाद दादा का टूर जारी रहा और दादा को कार से सफर करने से बचकर प्लेन से सफर करना पड़ा।
दादा की पार्टी के दो नेताओं की वजह से उनकी कार यात्रा रोक दी गई और दादा को प्लेन से सफर करना पड़ा। अजित पवार के एक्सीडेंट के मामले में अधिकारियों ने समय बर्बाद किया। अजित की पार्टी आज सत्ता में है और उनके अपने MLA ने मामले की CBI जांच की मांग की थी, लेकिन इसे अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है।
हवाई जहाज दुर्घटना मामले में हम पहले बारामती पुलिस स्टेशन गए। वहां की पुलिस शुरू में केस दर्ज करने के लिए तैयार थी। लेकिन उन्हें किसी का फ़ोन आया और बाद में उन्होंने केस दर्ज करने से मना कर दिया।
फडणवीस ने शाह से की मांग , जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हो
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अजित पवार विमान हादसे की जांच में तेजी लाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक की जानी चाहिए, जिससे लोगों के मन में उठ रहे सवालों और आशंकाओं का जवाब मिल सके। फडणवीस पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान अमित शाह ने दिवंगत नेता अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया। जिला परिषद कार्यालय के प्रवेश द्वार का नाम भी अजित पवार के नाम पर रखा गया है।
28 जनवरी को बारामती में हुआ था विमान हादसा
मुंबई से बारामती जा रहा विमान 28 जनवरी को पुणे के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस विमान हादसे में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे की जांच महाराष्ट्र सीआईडी और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत आने वाला विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) अलग-अलग कर रहे हैं

