वाणगंगा पेपर इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने इसी साल फरवरी में नार्थ-ईस्ट की कंपनी सीएमजे ब्रीवरीज का अधिग्रहण किया था। इसके बाद कंपनी के कारोबार में भारी तेजी आई है। इस साल दूसरी तिमाही में तो कंपनी का रेवेन्यू 103% बढ़ा है। इस दौरान शुद्ध लाभ में तो 1400% फीसदी से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।
मुंबई: बीयर बनाने वाली कंपनी Asgard Alcobev के शेयर सोमवार को फोकस में रह सकते हैं। इस कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार बंद होने के बाद अपना Q2 FY27 का रिजल्ट जारी किया। इस दौरान ब्रूइंग कारोबार में तेजी आने से कंपनी का Q2 रेवेन्यू 103 फीसदी बढ़ा तो मुनाफा 14 गुना उछल गया है। यह कंपनी लार्ज स्केल ब्रूइंग और कांट्रेक्ट मैन्यूफैक्चरिंग करती है। इसके ग्राहकों में यूनाइटेड ब्रीवरीज से लेकर बीयर बनाने वाली तमाम बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
क्या रहा रिजल्ट
बीएसई फाइलिंग में दी गई जानकारी के अनुसार वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान जुलाई से सितंबर की तिमाही के लिए परिणाम शुक्रवार को जारी किया गया। इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर 102.84% बढ़कर 48.93 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी अवधि में यह 24.12 करोड़ रुपये था। इसका टैक्स चुकाने के बाद का मुनाफा (PAT) एक साल पहले के 16.95 लाख रुपये से बढ़कर 2.55 करोड़ रुपये हो गया। यह 1,402.30 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है।
प्रोडक्शन भी बढ़ा
आलोच्य अवधि के दौरान कंपनी का कुल उत्पादन पिछली तिमाही के मुकाबले 18.6% बढ़कर 13.82 लाख केस हो गया। इसी दौरान इसका डिस्पैच भी 14% बढ़कर 13.58 लाख केस हो गया। इसके प्लांट का क्षमता उपयोग (कैपेसिटी यूटिलाइजेशन) पिछली तिमाही के 63.1% से सुधरकर अब 78.6% हो गया है। इसके प्लांट में कैन वाली बीयर का उत्पादन 67.7% बढ़कर 4.99 लाख केस हो गया। यह इसके कुल उत्पादन का 36.1% है।
शेयर का कैसा पर्फोमेंस
बीएसई में बीते शुक्रवार को Asgard Alcobev के शेयर एक फीसदी चढ़ कर 35.23 रुपये पर पहुंच गए। एक महीने में इसके प्रदर्शन को देखें तो यह 8 फीसदी चढ़ा है जबकि पिछले तीन महीने में यह 17 फीसदी चढ़ा। हालांकि, यदि पिछले साल के मुकाबले इसकी तुलना की जाए तो यह 21 फीसदी गिरा है।
Q2 FY27 के दौरान हमारे मजबूत प्रदर्शन से हमें उत्साह मिला है। यह हमारे मैन्यूफैक्चरिंग ऑपरेशन को इंप्रूव करने और ब्रूइंग कारोबार में ट्रांजिशन के बाद प्रोफिटिबिलिटी सुधारने में हुई प्रगति को दर्शाता है। Asgard Alcobev के MD रौनक जैन
क्या कहना है कंपनी का
Asgard Alcobev के मैनेजिंग डायरेक्टर रौनक जैन का कहना है “Q2 FY27 के दौरान हमारे मजबूत प्रदर्शन से हमें उत्साह मिला है। यह हमारे मैन्यूफैक्चरिंग ऑपरेशन को इंप्रूव करने और ब्रूइंग कारोबार में ट्रांजिशन के बाद प्रोफिटिबिलिटी सुधारने में हुई प्रगति को दर्शाता है।”
पहले क्या था कंपनी का नाम
इस कंपनी को पहले Banganga Paper Industries Limited के नाम से जाना जाता था। इसी साल फरवरी में कंपनी ने शिलांग बेस्ड कंपनी CMJ Breweries Private Limited के 78.90 फीसदी शेयरों का अधिग्रहण किया। यह पूर्वोत्तर भारत की सबसे बड़ी ब्रूइरी है। इसके बाद कंपनी का नाम बदल कर Asgard Alcobev Limited कर दिया गया।
ग्राहकों में बड़े-बड़े ब्रांड
यह कंपनी इस समय बीयर के बड़े-बड़े ब्रांड के लिए कांट्रेक्ट मैन्युफैक्चरिंग करती है। इनमें Kingfisher, Carlsberg, Tuborg, Asia 72, Golden Eagle, Heman 9000 और SIMBA जैसे नाम शामिल हैं।

