Homeभारतराजस्थानपंजाब के कपल का श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक केस का खुला प्लान, पाकिस्तान...

पंजाब के कपल का श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक केस का खुला प्लान, पाकिस्तान का लिंक आया सामने, लिव-इन में रहकर बड़ी साजिश

श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर निवासी लिव-इन कपल दविंदर सिंह और महकदीप कौर को गिरफ्तार किया है। महिला से 2 हथियार, 46 कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीन स्थानीय मददगारों को भी राउंडअप किया है। आतंकी एंगल से जांच जारी है।

श्रीगंगानगर: रामसिंहपुर के पास रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में सुरक्षा एजेंसियों के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। जांच का दायरा पंजाब से लेकर स्थानीय नेटवर्क तक फैलने के बाद पुलिस की स्पेशल टीम ने पंजाब के गुरदासपुर निवासी दविंदर सिंह और महकदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाला खुलासा यह है कि दोनों आरोपी लिव-इन रिलेशनशिप में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। वहीं, महिला आरोपी के पास से 2 हथियार, 46 कारतूस और 30 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। इस मामले में आरोपियों को पनाह और वाहन मुहैया कराने वाले तीन स्थानीय सहयोगियों को भी पुलिस ने राउंडअप किया है। अब जांच एजेंसियां इस एंगल से पड़ताल कर रही हैं कि इस वारदात के पीछे किसी आतंकी संगठन या स्लीपर सेल का हाथ तो नहीं है।

होटल में रुके, गाड़ी किराए पर ली और की ट्रैक की रेकी

जांच एजेंसियों के मुताबिक, वारदात से पहले दोनों आरोपी श्रीगंगानगर क्षेत्र के एक होटल में ठहरे थे। एक दिन रुकने के बाद उन्होंने स्थानीय मददगारों के जरिए एक कार और बाइक किराए पर ली और रामसिंहपुर व 58 जीबी के बीच रेलवे ट्रैक की रेकी की। इसके बाद 3 नवंबर को ब्लास्ट की वारदात को अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने खुद रामसिंहपुर थाने में डेरा डाले रखा।

150 संदिग्धों से पूछताछ और NIA के इनपुट से खुला राज

ब्लास्ट के बाद पुलिस ने श्रीविजयनगर और रामसिंहपुर क्षेत्र के करीब 150 संदिग्धों से पूछताछ की। इसी दौरान एक इनपुट मिला कि पंजाब के एक महिला और पुरुष ने इलाके में रेकी की थी। इस हुलिए की जानकारी केंद्रीय एजेंसी (NIA) से साझा की गई, जिसके बाद आरोपियों की लोकेशन पंजाब के गुरदासपुर में ट्रेस हुई। सीओ सिटी आईपीएस नितिन चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम ने गुरदासपुर के चौरा कलां निवासी दविंदर सिंह और दोस्तपुर निवासी महकदीप कौर को दबोच लिया।

मोटी रकम की डील की आशंका, खंगाले जा रहे हथियारों के स्रोत

बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि दोनों मुख्य आरोपियों से गहनता से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि ब्लास्ट को अंजाम देने के लिए इस कपल की किसी बड़े नेटवर्क से मोटी रकम की डील हुई थी, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। महकदीप कौर से बरामद 30 हजार रुपये और भारी मात्रा में कारतूसों के स्रोत की जांच की जा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

आधी रात को अचानक रद्द हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस, आज होगा बड़ा खुलासा

इस हाई-प्रोफाइल मामले में शनिवार देर रात एसपी हरिशंकर की ओर से सूचना जारी की गई थी कि एडीजी एटीएस दिनेश एमएन की अगुवाई में पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। मीडिया को भी बुला लिया गया था, लेकिन प्रेस वार्ता शुरू होने से चंद मिनट पहले इसे अचानक स्थगित कर दिया गया। अब रविवार दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा। माना जा रहा है कि NIA, ATS, CID और रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय और जांच के अंतिम पहलुओं को पुख्ता करने के लिए प्रेस वार्ता का समय बदला गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments