कनाडा में बैठा गैंगस्टर नितिन डबास उर्फ विक्की हड्डल दिल्ली के टाइल्स-मार्बल कारोबारियों को निशाना बना रहा है। मंगोलपुर कलां के कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पुलिस के मुताबिक, विक्की इंस्टाग्राम के जरिए कम उम्र के लड़कों को शूटर बनाता है और VoIP ऐप से संपर्क कर फायरिंग व हत्या जैसी वारदातों की साजिश रचता है।
नई दिल्ली: विदेश से रंगदारी का रैकेट चला रहे नितिन डबास उर्फ विक्की हड्डल के टारगेट पर टाइल्स-मार्बल कारोबारी हैं। आउटर नॉर्थ जिले के बवाना और वेस्ट जिले के कीर्ति नगर के बाद अब आउटर जिले के मंगोलपुर कलां के टाइल्स कारोबारी से इसने दो करोड़ की डिमांड की है। बिजनेसमैन को कॉल्स और वॉयस नोट भेज रहा है। ये धमकी दे रहा है कि ‘रोज घर से आखिरी दिन सोचकर निकलना… कब मेरा मौका लग जाए और फोड़ दूं.. कहीं भी चला जा, कोई सिफारिश काम नहीं आएगी… पैसा देकर ही पीछा छूटेगा।’
पुलिस अफसरों के मुताबिक, इसके पीछे इसी बिजनेस से जुड़ा कोई शख्स जरूर होगा, जो सभी के नंबर और हैसियत लीक कर रहा है। मंगोलपुरी कलां के पीड़ित ने कंप्लेंट नहीं की है। पूंठ खुर्द में 19 अक्टूबर को टाइल्स गोदाम पर फायरिंग में सुल्तानपुर डबास के अरुण शर्मा और सूरज आंध्र प्रदेश से अरेस्ट किया था।
यूपी के रोहित और हसीब गिरफ्तार
अरुण इंस्टाग्राम के जरिए विक्की से जुड़ा और VoIP ऐप इंस्टॉल करवा कर बातचीत करने लगा। दोनों को बहादुरगढ़ से हथियार और रुपये मिले। कीर्ति नगर के मार्बल कारोबारी के गोदाम पर 20 अक्टूबर को फायरिंग करने वाले यूपी के रोहित और हसीब को भी हथियार समेत गिरफ्तार किया गया।
कनाडा से चल रहा था क्राइम नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, बवाना के पूंठ खुर्द गांव का विक्की तीन साल पहले कनाडा भाग गया। वहीं, से अपना क्राइम नेटवर्क चला रहा है। अमेरिका में डिटेन हरियाणा के गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ रिटौलिया के सिंडिकेट से जुड़ा है। पूंठ कलां में चल रही पारिवारिक रंजिश में कुछ मर्डर हो चुके हैं, जिनमें ये भी वॉन्टेड हैं। विदेश से रंगदारी, फायरिंग और हत्या की साजिश रच रहा है।
विरोधी परिवार के मेंबरों का कत्ल करवाने के लिए इसके भेजे शूटर अजय, कन्हैया, एक नाबालिग 5 जून को, जबकि रिंकू, सुमित इशू, केशव उर्फ नानू और सागर डब्बास 18 सितंबर को पकड़े गए। इससे हत्या करवाने की साजिश विफल हो गई।
ऐसे ढूंढता है शूटर
विक्की इंस्टाग्राम के जरिए छोटी उम्र के लड़कों को जोड़ता है। फोन पर इंटरनेट कॉलिंग (VoIP) ऐप डाउनलोड करवाता है। लड़कों को कनाडा बुलाने का लालच देता है और हथियार और रुपये भेजता है। इसके बाद टारगेट की पहचान करने और फायरिंग जैसी वारदात करवाता है। पुलिस पूछताछ में इस साल पकड़े गए इसके 12 शूटरों ने बताया कि वह वारदात के वक्त उन्हें ऐप के जरिए ऑनलाइन रहने को कहता है।

