अब जिले में 96 के बजाय 122 केंद्रों पर होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, किसानों का समय और परिवहन खर्च बचेगा
राजनांदगांव। किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले में 26 नए धान खरीदी केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से 18 हजार 608 पंजीकृत किसानों को अपनी उपज नजदीक में ही बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे किसानों को दूरस्थ केंद्रों तक धान ले जाने की परेशानी से राहत मिलेगी और समय, श्रम तथा परिवहन खर्च की बचत होगी।
जिले में पिछले वर्ष 96 धान खरीदी केंद्र संचालित थे। इस वर्ष 26 नए केंद्र जुड़ने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 122 हो गई है। नए केंद्रों से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को लाभ मिलेगा। साथ ही पुराने केंद्रों पर किसानों की भीड़ का दबाव भी कम होगा, जिससे खरीदी व्यवस्था अधिक सुचारू हो सकेगी।
विकासखंडवार नए केंद्रों में राजनांदगांव विकासखंड के आरला, खैरझिटी, धर्मापुर, नवागांव, बोईरडीह, चवरढाल और मासूल शामिल हैं। डोंगरगांव विकासखंड में आसरा, बन्हनीभाठा, बुदुभरदा बनहरदी, मचानपार, मोहड़ और हरदी में केंद्र बनाए गए हैं।
इसी तरह डोंगरगढ़ विकासखंड में कारूटोला, कुरुभाठ, खड़झुड़ी, झण्डातलाब, पिपरिया, पीपरखारकला, भानपुरी, मुढ़िया, रूवांतला और सीतागोटा तथा छुरिया विकासखंड में केसाल, घुपसाल और बूचाटोला में नए केंद्र स्थापित किए गए हैं।
नए केंद्रों से किसानों को स्थानीय स्तर पर ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे परिवहन पर होने वाला अतिरिक्त खर्च घटेगा और धान खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

