Homeटॉप न्यूज़उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी अखिल भारत...

उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी अखिल भारत हिंदू महासभा : स्वामी चक्रपाणि महाराज

हिंदुत्ववादी दलों को एकजुट कर राष्ट्रीय गठबंधन बनाने की घोषणा, ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करने का ऐलान

नई दिल्ली। अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि महाराज ने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी राजनीतिक घोषणा की है। उन्होंने कहा कि महासभा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसके साथ ही हिंदुत्ववादी विचारधारा वाले राजनीतिक दलों को एक मंच पर लाने के लिए राष्ट्रीय गठबंधन बनाने की तैयारी भी की जा रही है। स्वामी चक्रपाणि महाराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की पावन धरती है। प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महासभा जातिगत विभाजन और सांप्रदायिक राजनीति के बजाय हिंदुत्व की विचारधारा को मजबूत करने के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की राजनीतिक गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी प्रस्तावित राजनीतिक साझेदारी को महासभा गंभीरता से देख रही है। उन्होंने ओवैसी की पूर्व की टिप्पणियों और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण को लेकर दिए गए बयानों पर भी आपत्ति जताई। साथ ही भाजपा से सवाल किया कि ऐसे बयानों के विरुद्ध राजनीतिक और कानूनी स्तर पर प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए। स्वामी चक्रपाणि महाराज ने कहा कि प्रदेश को ऐसा नेतृत्व मिलना चाहिए, जो हिंदुत्व की विचारधारा के साथ संतों, मठों, मंदिरों और समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा करे। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रखना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।

राष्ट्रीय गठबंधन के माध्यम से दलों को जोड़ने की तैयारी

स्वामी चक्रपाणि महाराज ने घोषणा की कि राष्ट्रीय गठबंधन के माध्यम से हिंदुत्ववादी विचारधारा वाले विभिन्न राजनीतिक दलों को एकजुट किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश शिवसेना सहित कई राजनीतिक दलों से बातचीत चल रही है। छठ पूजा के बाद इस संबंध में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित कर आगे की रणनीति घोषित की जाएगी।

403 सीटों के लिए बनेगी चुनाव समिति

महासभा की ओर से प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के चयन के लिए विशेष चुनाव समिति गठित की जाएगी। समिति योग्य, कर्मठ, स्वच्छ छवि वाले और जनसेवा में सक्रिय उम्मीदवारों का चयन करेगी। महासभा सभी वर्गों के योग्य व्यक्तियों को चुनाव लड़ने का अवसर देने की तैयारी में है।
श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में भूमिका का उल्लेख

स्वामी चक्रपाणि महाराज ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण से जुड़े न्यायिक संघर्ष में अखिल भारत हिंदू महासभा की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक महासभा ने कानूनी लड़ाई लड़ी और सर्वोच्च न्यायालय में अपनी अपील संख्या 2636 का भी उल्लेख किया। उन्होंने दोहराया कि महासभा हिंदुत्व के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments