Homeभारतगुजरातमहमदाबाद में अवैध कॉम्प्लेक्स पर कार्रवाई के आदेश बेअसर, तीन महीने बाद...

महमदाबाद में अवैध कॉम्प्लेक्स पर कार्रवाई के आदेश बेअसर, तीन महीने बाद भी नहीं कटा बिजली कनेक्शन

कलेक्टर के दो निर्देशों के बावजूद एमजीवीसीएल अधिकारियों पर निष्क्रियता के आरोप, प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंची शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल

महमदाबाद। गुजरात के महमदाबाद में कथित अवैध कॉम्प्लेक्स के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिला कलेक्टर के दो स्पष्ट आदेश जारी होने के बावजूद करीब तीन महीने बीत जाने पर भी मध्य गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (एमजीवीसीएल) की ओर से संबंधित कॉम्प्लेक्स का बिजली कनेक्शन नहीं काटे जाने पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय नागरिकों ने कॉम्प्लेक्स के कथित अवैध निर्माण के संबंध में दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ राज्य सरकार के स्वागत कार्यक्रम में शिकायत प्रस्तुत की थी। मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक भी पहुंचा, जहां से उचित कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद जिला कलेक्टर ने भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

हाल ही में आयोजित स्वागत बैठक और समीक्षा बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया। बताया जाता है कि कलेक्टर ने एमजीवीसीएल के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद बिजली कनेक्शन यथावत रहने से प्रशासनिक आदेशों की पालना पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शिकायतकर्ताओं ने बिल्डर और संबंधित अधिकारियों के बीच कथित मिलीभगत की आशंका भी जताई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

अब सवाल यह है कि कलेक्टर के आदेशों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी या फिर प्रशासनिक निर्देश इसी तरह फाइलों तक सीमित रहेंगे?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments