HomeभारतगुजरातBJP विधायक के भतीजे ने 3 करोड़ की रेंज रोवर से रैपिडो...

BJP विधायक के भतीजे ने 3 करोड़ की रेंज रोवर से रैपिडो बाइक राइडर को रौंदा, अहमदाबाद हिट एंड र केस में गिरफ्तार

अहमदाबाद के शिलाज सर्कल के पास हुए हिट-एंड-रन मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस दुर्घटना में एक 35 वर्षीय रैपिडो यात्री की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, एक रेंज रोवर कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया था।

अहमदाबाद: गुजरात पुलिस ने एक 35 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया शख्स सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक विधायक का भतीजा है। यह गिरफ्तारी अहमदाबाद ग्रामीण जिले में हुई एक जानलेवा ‘हिट-एंड-रन’ घटना के सिलसिले में की गई है। इस हफ्ते की शुरुआत में रैपिडो बाइक-टैक्सी के एक यात्री की मौत हो गई थी। बाइक टैक्सी को रेंज रोवर ने टक्कर मारी थी। हिट एंड रन का यह मामला बहुत हाईलाइट हुआ था।

आरोपी राघवेंद्र कुशवाहा बापुनगर से BJP विधायक दिनेशसिंह कुशवाहा का भतीजा है। उसे हिरासत में लिया गया है। राघवेंद्र ने 11 नवंबर को शिलाज सर्कल के पास एक लग्जरी SUV से दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी थी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रेंज रोवर को भी जब्त कर लिया है।

बोपल पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ था हादसा

अहमदाबाद ग्रामीण की पुलिस उपाधीक्षक (DSP) नीलम गोस्वामी ने बताया कि यह हादसा बोपल पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक हर्षदकुमार पुरबिया ने अपने काम पर जाने के लिए घाटलोडिया से एक रैपिडो राइड बुक की थी। वह ड्राइवर प्रदीप डडवाल के पीछे बैठा था, तभी शिलाज सर्कल के आगे SUV ने उन्हें टक्कर मार दी।

रैपिडो को टक्कर मारकर भाग गया था आरोपी

DSP गोस्वामी ने कहा कि टक्कर के तुरंत बाद रेंज रोवर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। रैपिडो ड्राइवर प्रदीप डडवाल और यात्री हर्षद पुरबिया, दोनों को इलाज के लिए पहले सिविल अस्पताल और बाद में SIMS अस्पताल ले जाया गया। दुर्भाग्य से, हर्षद पुरबिया की मौत हो गई। बोपल पुलिस थाने में इस जानलेवा हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

रेंज रोवर में सवार थे 4 लोग

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय रेंज रोवर में चार लोग सवार थे। जांचकर्ताओं ने गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए वाहन का पता लगाया, जिससे रियल एस्टेट व्यवसायी और अहमदाबाद के रहने वाले कुशवाहा की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

दोस्तों के साथ पार्टी करके लौट रहा था आरोपी

DSP गोस्वामी ने बताया कि कुशवाहा कलोल में एक दोस्त की पार्टी से लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि कार में चार लोग थे। वे रांचरडा से शिलाज की ओर जा रहे थे और फिर वहां रहने वाले अपने दोस्तों को छोड़ने के लिए इस्कॉन प्लेटिनम की तरफ जा रहे थे, इसीलिए वे कलोल की दिशा से आए थे। शराब पीकर गाड़ी चलाने की संभावना से जुड़े सवालों पर DSP ने बताया कि शुरुआती जांच में नशे की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

थलतेज में रहने वाला कुशवाहा अपने पिता महेश कुशवाहा के साथ उनके रियल एस्टेट के कारोबार में काम करता है। गुर्जर ने बताया कि उसने कबूल किया है कि हादसे के वक्त वही गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने एक चश्मदीद का बयान भी दर्ज किया है। मृतक हर्षदकुमार पुरबिया मूल रूप से सुरेंद्रनगर जिले के ध्रांगध्रा के निवासी थे और अहमदाबाद के शास्त्रीनगर क्षेत्र में रहते थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments