मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में भूकंप से झटके महसूस किए गए हैं। तेज कंपन के बाद लोगों दहशत में आ गए। लोगों को भूकंप का एहसास हुआ तो लोग सुरक्षित घरों के बाहर आ गए।
हाइलाइट्स
खरगोन जिले में भूकंप के तेज झटके
कई इलाकों में महसूस हुए झटके
9 बजकर 13 मिनट में आया भूकंप
एसपी ने कहा- अचानक आए झटके
खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह 4.5 तीव्रता का भूकंप आया। तेज कंपन महसूस होते ही लोगों में दहशत फैल गई और वे अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर आया।
भूकंप का केंद्र खरगोन जिले में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप का केंद्र 21.590 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
खरगोन एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि वह अपने शासकीय बंगले में बैठे थे, तभी अचानक तेज कंपन महसूस हुआ। इस दौरान बंगले की खिड़कियां और अलमारी हिलने लगीं। उनके बच्चे भी घबरा गए। वर्मा के अनुसार, कंपन काफी तेज था और करीब दो से तीन सेकंड तक महसूस हुआ।
कई जगहों पर महसूस हुआ कंपन
शहर के अमन नगर, करीम नगर और गुलशन नगर सहित विभिन्न इलाकों में भी लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। अचानक आए झटकों से घबराकर लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एसपी वर्मा ने बताया कि खरगोन शहर के अलावा भीकनगांव से भी भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली है। वहीं, कलेक्टर गुरु प्रसाद ने बताया कि जिले के विभिन्न स्थानों से कंपन की जानकारी मिल रही है। संबंधित अधिकारियों को अलर्ट कर स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल जिले में कहीं से भी जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
ग्रामीण इलाकों में महसूस हुए झटके
अवनी गांव के किसान महेंद्र पाटीदार और खरगोन से करीब 18 किलोमीटर दूर नीमगुल गांव के किसान सुरेश पटेल ने बताया कि भूकंप के दौरान घरों की छतों में कंपन महसूस हुआ और चक्कर जैसा अनुभव हुआ। जैतापुर और भगवानपुरा से भी कंपन महसूस होने की सूचनाएं मिली हैं। वहीं, अविसन्स स्कूल में झटके महसूस होने के बाद एहतियातन बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकालकर मैदान में खड़ा किया गया।

