सूर्यास्त देखने समुद्र के बीच प्राकृतिक टापू पर पहुंचा था परिवार, अचानक ज्वार आने से वापसी का रास्ता डूबा; घटना का वीडियो प्रसारित
दमन। नानी दमन के समुद्र तट पर सूर्यास्त का आनंद लेना एक परिवार के लिए जानलेवा मुसीबत बन गया। दो छोटे बच्चों सहित आठ सदस्यों का एक परिवार समुद्र के बीच स्थित प्राकृतिक टापू पर घूमने गया था। इसी दौरान अचानक ज्वार आने से समुद्र का पानी तेजी से बढ़ने लगा और टापू से किनारे तक लौटने का रास्ता पानी में डूब गया। कुछ ही देर में पूरा परिवार समुद्र के बीच फंस गया। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए सभी आठ लोगों की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, समुद्र में ज्वार कम होने के कारण पानी पीछे हट गया था। इससे किनारे से कुछ दूरी पर प्राकृतिक टापू जैसा हिस्सा दिखाई देने लगा। सूर्यास्त का नजारा देखने और तस्वीरें लेने के उत्साह में परिवार के सदस्य पैदल ही वहां पहुंच गए। वे प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे थे, तभी समुद्र का मिजाज अचानक बदल गया और तेज लहरों के साथ पानी चारों तरफ फैलने लगा।
देखते ही देखते वापसी का रास्ता पूरी तरह जलमग्न हो गया। दो छोटे बच्चों के साथ समुद्र के बीच फंसे परिवार में घबराहट फैल गई। स्थिति की गंभीरता समझते हुए सभी सदस्यों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर और बच्चों को संभालते हुए गहरे पानी से बाहर निकलने का प्रयास शुरू किया। तेज लहरों और पानी के बहाव के बीच आगे बढ़ना बेहद चुनौतीपूर्ण था। काफी मशक्कत के बाद सभी आठ सदस्य सुरक्षित किनारे तक पहुंचने में सफल रहे।
इस घटना का वीडियो भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें परिवार के सदस्य समुद्र के पानी से बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते दिखाई दे रहे हैं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
इस घटना ने समुद्र तटों पर पर्यटकों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पर्यटकों को ज्वार-भाटे के समय की जानकारी लिए बिना समुद्र के बीच बने टापुओं या निचले इलाकों में नहीं जाना चाहिए। सूर्यास्त और प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के उत्साह में सुरक्षा की अनदेखी जान पर भारी पड़ सकती है।

