पेटीएम के शेयर में पिछले कुछ समय से तेजी जारी है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी इसमें तेजी आई। इस दौरान यह शेयर अपने 52 हफ्ते के उच्चतम भाव पर पहुंच गया। वहीं पिछले 6 महीने में इस शेयर ने 70 फीसदी का रिटर्न दिया है।
नई दिल्ली: पेटीएम की पैरेंट कंपनी One 97 Communications के शेयर में शुक्रवार को भी तेजी आई। इस दौरान यह शेयर अपने 52 हफ्ते के उच्चतम भाव पर पहुंच गया। लिस्टिंग के बाद यह पहली बार है जब इस शेयर ने 1930 रुपये का स्तर पार किया है। एक दिन पहले यानी गुरुवार को भी इसमें तेजी आई थी। गुरुवार को कारोबार के दौरान शेयर 7.31% उछल गया था। इससे पहले शेयर ने नवंबर 2021 में बाजार में कदम रखा था।
शुक्रवार को यह शेयर मामूली गिरावट के साथ 1922 रुपये पर खुला था। बाद में इसमें तेजी आई और 1935 रुपये पर पहुंच गया। यह इसका 52 हफ्ते का उच्चतम रेकॉर्ड है। हालांकि बाद में इसमें कुछ गिरावट भी देखने को मिली। दोपहर 1 बजे बीएसई पर यह शेयर 0.52% की गिरावट के साथ 1913.10 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
लिस्टिंग से कितना नीचे भाव?
वन 97 कम्यूनिकेशंस का आईपीओ नवंबर 2021 में आया था। इसका इश्यू प्राइस 2150 रुपये था। बीएसई पर इसकी लिस्टिंग नुकसान के साथ 1955 रुपये पर हुई थी। इसके बाद इसकी कीमत लगातार गिरती गई। नवंबर 2021 में लिस्टिंग के दिन को छोड़ दें तो यह शेयर पहली बार 1930 रुपये के पार पहुंचा है। हालांकि शुक्रवार दोपहर 1 बजे के भाव (1913.10 रुपये) के अनुसार यह शेयर अभी भी बीएसई पर अपनी लिस्टिंग कीमत 1955 रुपये से करीब 42 रुपये नीचे है।
क्यों आई शेयर में तेजी?
पेटीएम के शेयर में तेजी की एक बड़ी वजह यूपीआई ट्रांजैक्शन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू होने की उम्मीद है। एमडीआर वह शुल्क होता है जो मर्चेंट यानी दुकानदार से डिजिटल पेमेंट स्वीकार करने के बदले लिया जाता है।
इस व्यवस्था से पेटीएम को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। कंपनी के पास मर्चेंट पेमेंट का बड़ा कारोबार है। विश्लेषकों का अनुमान है कि यूपीआई एमडीआर से पेटीएम को वित्त वर्ष 2027-28 में 1,160 करोड़ रुपये तक का रेवेन्यू मिल सकता है। पेटीएम पहले भी कह चुकी है कि एमडीआर लागू होने से उसे उन पेमेंट ट्रांजैक्शन से अतिरिक्त कमाई का मौका मिलेगा, जो अभी तक मुफ्त में उपलब्ध थे।
कितना लगेगा एमडीआर?
पिछले महीने नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने चुनिंदा यूपीआई ट्रांजैक्शन पर एमडीआर लागू करने का फैसला दिवाली के बाद तक टाल दिया था। यह शुल्क 15 अक्टूबर से लागू होना था। प्रस्ताव के मुताबिक 2000 रुपये से ज्यादा के पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) यूपीआई ट्रांजैक्शन पर 40 बेसिस पॉइंट यानी 0.40% एमडीआर लगाया जा सकता है।
MSCI इंडेक्स में बढ़ा पेटीएम का वेटेज
पेटीएम के शेयर को MSCI के नवंबर इंडेक्स रिव्यू से भी सपोर्ट मिला है। MSCI ने अपने ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में चार भारतीय कंपनियों को शामिल किया है और 11 अन्य कंपनियों के वेटेज में बढ़ोतरी की है। वेटेज बढ़ने वाली कंपनियों में पेटीएम के अलावा Groww, Lenskart Solutions और Coal India शामिल हैं। ये बदलाव 30 नवंबर को कारोबार बंद होने के बाद लागू होंगे। इससे MSCI Emerging Markets Index में भारतीय शेयरों की हिस्सेदारी बढ़ेगी।
6 महीने में निवेशकों को तगड़ा मुनाफा
पेटीएम (वन 97 कम्यूनिकेशंस) के शेयर ने इस साल निवेशकों को तगड़ा मुनाफा दिया है। पिछले एक महीने में इसमें 11 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। वहीं 6 महीने में यह शेयर करीब 70 फीसदी चढ़ गया है। बात अगर इस साल की बात करें तो पेटीएम के शेयर ने निवेशकों को करीब 48 फीसदी रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: इस विश्लेषण में दिए गए सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, एनबीटी के नहीं। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श कर लें। क्योंकि शेयर बाजार की परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं।

