जयपुर ग्रामीण के किशनगढ़ रेनवाल में तीन बाइक सवार बदमाशों ने शराब की दुकान के सेल्समैन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग में झुलसे सेल्समैन को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर से चौंकाने वाली वारदात का खुलासा हुआ है। यहां जयपुर ग्रामीण के किशनगढ़ रेनवाल थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर तीन बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। करड़ रोड स्थित खालड़ा क्षेत्र में बाइक से आए तीन युवकों ने शराब की दुकान के सेल्समैन कैलाश सिंह पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी।
एसएमएस अस्पताल के बर्न वॉर्ड में भर्ती
आग की लपटों से घिरे कैलाश ने चीखते हुए बाहर की ओर दौड़ लगाई, जिसके बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में रेफर किया गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, दुकान जलकर राख
जानकारी मिली है कि यह घटना 10 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे हुए हुई। इस हमले में दुकान में रखे दो फ्रिज और शराब के दर्जनों कार्टन जलकर खाक हो गए, जिससे भारी नुकसान हुआ है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार तीनों बदमाश और पेट्रोल की बोतल लेकर उतरते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद तीनों लिकर शॉप पर पहुंचते हैं और बोतल में भरा पेट्रोल से दुकान के अंदर उड़ेलकर आग लगा देते हैं।
उधार शराब नहीं मिली तो दिखाई सनक
पुलिस अधिकारियों से मिली सूचना के अनुसार वर्तमान में जानकारी मिली है कि युवको को सेल्समैन में शराब उधार में देने से मना कर दिया था। लिहाजा इसी बात का गुस्सा निकालने के लिए तीनों किसी एक पेट्रोल पंप से एक बोतल में पेट्रोल भरवा लाए। इसके बाद दोबारा शराब की दुकान पर पहुंचे और वारदात को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस रंजिश और लूट समेत सभी कोणों से जांच कर रही है। पुलिस की ओर से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

