Homeभारतगुजरातगांधीनगर से मिले इनपुट पर नवसारी में बड़ी कार्रवाई, गणदेवी के भाठला...

गांधीनगर से मिले इनपुट पर नवसारी में बड़ी कार्रवाई, गणदेवी के भाठला गांव में खेत से 10.91 लाख रुपये की शराब जब्त

नवसारी। गुजरात में अवैध शराब और जुए के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस महानिदेशक जी.एस. मलिक के सख्त निर्देशों के बाद स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नवसारी जिले के बिलिमोरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत गणदेवी तहसील के भाठला गांव में एक खेत पर छापा मारकर विदेशी शराब और बीयर का बड़ा जखीरा बरामद किया। पुलिस ने शराब सहित वाहनों, नकदी और अन्य सामान को मिलाकर कुल 35 लाख 12 हजार 725 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।

खेत की आड़ में चल रहा था शराब का कारोबार

जानकारी के अनुसार, स्टेट मॉनिटरिंग सेल के पुलिस उपनिरीक्षक एस.वी. गलचर और उनकी टीम को सूचना मिली थी कि गणदेवी तहसील के भाठला गांव के हवाड़ा फलिया में जयमीन उर्फ जयु अरविंदभाई पटेल के कब्जे वाले खेत में विदेशी शराब का बड़ा भंडार रखा गया है। यहां से अवैध रूप से शराब की बिक्री और आपूर्ति की जा रही है।

सूचना मिलते ही एसएमसी की टीम ने बिना देरी किए संबंधित खेत पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस को भारतीय निर्मित विदेशी शराब और बीयर की बड़ी खेप मिली। पुलिस ने मौके से शराब और बीयर की कुल 74 पेटियां जब्त कीं। इनमें करीब 2,560 बोतलें थीं, जिनकी बाजार कीमत 10 लाख 91 हजार 535 रुपये बताई गई है।

35 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब के साथ ही अपराध में इस्तेमाल किए गए वाहन, कीमती उपकरण और नकदी सहित कुल 35 लाख 12 हजार 725 रुपये का सामान जब्त किया। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर शराब का नेटवर्क संचालित करने और शराब का भंडारण करने वाले लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस कारोबार के मुख्य सूत्रधारों और शराब की खेप पहुंचाने वाले अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

भाठला गांव में स्थानीय बिलिमोरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खेत की आड़ में बड़े स्तर पर अवैध शराब का कारोबार संचालित होने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। गांधीनगर से पहुंची एसएमसी की टीम को कार्रवाई करनी पड़ी। इस कार्रवाई के बाद नवसारी और दक्षिण गुजरात के शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments