शायोना तिलक-3 के 100 से अधिक परिवारों में मचा हड़कंप, निर्माण कार्य में सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप, बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग
अहमदाबाद। शहर के पॉश इलाके गोटा में वंदे मातरम रोड पर निर्माण कार्य के दौरान बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां स्थित शायोना तिलक-3 आवासीय परिसर की सुरक्षा दीवार अचानक पास की निर्माणाधीन इमारत के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिर गई। घटना के बाद परिसर में रहने वाले 100 से अधिक परिवारों में हड़कंप मच गया। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, आवासीय परिसर के पास नई इमारत के निर्माण के लिए नींव की खुदाई की जा रही थी। आरोप है कि गहरी खुदाई के दौरान आसपास की इमारतों की नींव और जमीन को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए। इसके चलते परिसर के नीचे की मिट्टी खिसक गई और सुरक्षा दीवार ढहकर गड्ढे में जा गिरी।
गनीमत रही कि घटना के समय दीवार के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दीवार गिरने के बाद परिसर के पार्किंग क्षेत्र और मुख्य इमारत की नींव की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य कराने वाले बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि निर्माण में सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर निवासियों की जान जोखिम में डाली गई। स्थानीय पुलिस और नगर निगम को भी मामले की जानकारी दी गई है। निवासियों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, निर्माण स्थल की जांच कराने और तत्काल मजबूत सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

