शाहबाद डेयरी इलाके में ड्यूटी से घर लौट रहे सचिन उर्फ काला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, एक लड़की से दोस्ती को लेकर सचिन और आरोपी अमन के बीच विवाद था। अमन समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
शाहबाद डेयरी: ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवक पर शाहबाद डेयरी थाना इलाके में चाकू ताबड़तोड़ हमला किया गया। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सचिन उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर मुख्य आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य को हिरासत में लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सचिन दूसरे समुदाय की एक लड़की से बातचीत करते थे। इसको लेकर लड़की के परिवार के साथ उनका विवाद चल रहा था। पहले इस विवाद को सुलझा लिया गया था, लेकिन शनिवार रात आरोपियों ने मौका देखकर सचिन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही शाहबाद डेयरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। मौके पर फॉरेंसिक और क्राइम टीम भी पहुंची और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए।
जितिया के व्रत वाले दिन मां ने खोया बेटा
मृतक की मां ने बताया कि जितिया पर्व के दिन उन्होंने सचिन के लिए व्रत रखा था और उसी रात बेटे को खो दिया। पिता सुरेंद्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। चाचा चंद्रिका ने बताया कि ऐसा कोई बड़ा मामला नहीं था, जिस कारण भतीजे की हत्या कर दी गई। शनिवार रात सचिन से बात हुई थी। उसने कहा था कि थोड़ी देर में घर आ रहा हूं। मैंने कहा कि साथ में खाना खाएंगे, लेकिन वह नहीं लौटा। पुलिस ने सचिन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कॉमन गर्लफ्रेंड को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार कॉमन गर्लफ्रेंड को लेकर विवाद हुआ था। जिस लड़की से दोस्ती सचिन की थी उसी से अमन की भी थी। पुलिस ने अमन उर्फ आरिफ खान और उसकी मां नफीसा और मामा मोहम्मद इमरान को पकड़ लिया है।

